महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। छत्तीसगढ़ में अन्न के दान का सबसे बड़ा पर्व लोकपर्व छेरछेरा पुन्नी कल 6 जनवरी को उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सूर्य के उत्तरायण की प्रथम पूर्णिमा के कारण इसका विशेष महत्व माना गया है। इस दिन को पौष पूर्णिमा व शांकभरी जयंती के नाम से भी जाना जाता है। छत्तीसगढ़ में छेरछेरा पुन्नी का अलग ही महत्व है। वर्षों से मनाया जाने वाला यह पारंपरिक लोक पर्व नए साल के शुरुआत में मनाया जाता है। इस दिन रुपए-पैसे नहीं बल्कि अन्न का दान करते हैं। अब तो इस पर्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी बढ़-चढक़र हिस्सा लेती है।
महादान और फसल उत्सव के रूप त्यौहार मनाया जाने वाला छेरछेरा तिहार छत्तीसगढ़ के सामाजिक समरसता, समृद्ध दानशीलता की गौरवशाली परम्परा का संवाहक है। इस दिन छेरछेरा, माई कोठी के धान ल हेर हेरा बोलते हुए गांव के बच्चे, युवा और महिलाएं खलिहानों और घरों में जाकर धान और भेंट स्वरूप प्राप्त पैसे इक_ा करते हैं और इक_ा किए गए धान और राशि से वर्षभर के लिए कार्यक्रम बनाते हैं। छत्तीसगढ़ के किसानों की परंपरा रही है कि खेतों में उत्पादित फसलों को समाज के जरूरतमंद लोगों, कामगारों और पशु-पक्षियों के लिए देते हैं।
छेरछेरा का दूसरा पहलू आध्यात्मिक भी है। यह बड़े-छोटे के भेदभाव और अहंकार की भावना को समाप्त करता है। फसल के घर आने की खुशी में पौष मास की पूर्णिमा को छेरछेरा पुन्नी तिहार मनाया जाता है।
इसी दिन मां शाकम्भरी जयंती भी मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शंकर ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी। इसलिए लोग धान के साथ साग-भाज,फल का दान भी करते हैं। पौस मास के शुल्क पक्ष की पूर्णिमा का दिन कल 6 जनवरी को है। अत: कल के दिन अन्न, दलहन-तिलहन का दान बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन की शुरुआत इस्कॉन के अनुयायी या वैष्णव सम्प्रदाय के लोग पुष्य अभिषेक यात्रा से करते हैं। इस दिन लोग नदियों में जाकर स्नान करते हैं। कहावत है कि ऐसा करने से लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है, साथ ही व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है।