महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। महासमुंद के शास महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नात्कोत्तर महाविद्यालय में मनोविज्ञान विभाग में प्राचार्य डॉ. अनुसुइया अग्रवाल के मार्गदर्शन में सावित्रीबाई ज्योतिराव फुले जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन साहित्यिक, सांस्कृतिक समिति प्रमुख सीमा रानी प्रधान एवं समिति सदस्य डॉ. दुर्गावती भारतीय,सरस्वती सेठ, राजेश्वरी सोनी, जगदीश सत्यम, मनबोध चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने की।
उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई ने सामाजिक क्रांति के कार्य किए। उस समय महिलाओं पर विभिन्न प्रतिबंध लगाए गए थे। उसके बावजूद सावित्री बाई ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने महिलाओं को पढऩे के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मालती तिवारी ने अपने उद्बोधन में बताया कि हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ती जा रही है। सावित्रीबाई महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रही है। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उन्होंने अनेक कार्य किए हैं।
डॉ. ई.पी चेलक ने अपने उद्बोधन में बताया कि सावित्रीबाई फुले ने विभिन्न समाज सुधार के कार्यक्रम किए। बाल विवाह का विरोध किया। विधवा विवाह को प्रोत्साहन दी। विभिन्न अनाथालय एवं छात्रावास का निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि जिस घर का पिता शराबी होता है, उस परिवार में आर्थिक गुलामी आती है और जिस घर में माता अंधविश्वासी होती है उस घर में मानसिक गुलामी आती है।
डॉ. नीलम अग्रवाल ने महिलाओं के अधिकारों के बारे में बताते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए व अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना चाहिए। शिक्षित हो जाएंगी तो समाज की आधी से ज्यादा समस्याएं समाप्त हो जाएंगी। इस अवसर पर विज्ञान संकाय प्रमुख करुणा दुबे, दिलीप बढ़ई, प्रियंका सोनवानी, प्रियंका चक्रधारी, मनीषा बेहरा, गायत्री चंद्राकर, जीवन लाल चंद्राकर, मृणाली चंद्राकर, रंजीता पटेल, परवीन करीम, गुप्तेश नामदेव, नरेश मिरी आदि उपस्थित थे।