महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। महासमुंद जिला धान खरीदी-उठाव में राज्य में प्रथम स्थान पर है। महासमुंद जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर अब तक 6लाख, 69 हजार 922 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
खरीदे गए धान के निराकरण के लिये जिले के राईस मिलर्स द्वारा अनुबंध निष्पादित करके कस्टम मिलिंग करने के लिये खरीदी केन्द्रों से 6लाख, 66 हजार, 281 मीट्रिक टन धान का उठाव करने का डीओ जारी करा लिया गया है। जिसमें से 5 लाख, 85 हजार, 880 मीट्रिक टन धान का उठाव उपार्जन केन्द्रों से कर लिया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया है कि विपणन संघ द्वारा खरीदी केन्द्रों से संग्रहण केन्द्रों के लिये धान का परिवहन कराया जा रहा है तथा परिवहनकर्ता के माध्यम से धान का उठाव करने के लिये मिलर्स द्वारा प्रतिदिन तेजी से उठाव किया जा रहा है। जिले में धान खरीदी का कार्य 64 दिवस सफ लतापूर्वक कर ली गई है। किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 19 दिवस शेष है। जिले के किसी भी धान खरीदी केन्द्र में धान जाम होने की स्थिति निर्मित नहीं है।
जिला प्रशासन द्वारा राईस मिलर्स की बैंक गारंटी बढ़वाने तथा उनकी मिलिंग क्षमता अनुसार भारतीय खाद्य निगम एवं नागरिक आपूर्ति निगम में शीघ्र चावल जमा कराने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि मिलर्स धान उठाव हेतु ज्यादा से ज्यादा डीओ जारी करवा सकें।