महासमुन्द
स्कूली छात्राओं को किया साइकिल का वितरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 4 जनवरी। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध ग्राम देवरी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेलकूद महोत्सव व साइकिल वितरण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव व विधायक द्वारिकाधीश यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि उपज मंडी बागबाहरा के अध्यक्ष तेजन चंद्राकर ने की। वहीं विशेष अतिथि की आसंदी पर ग्राम पंचायत सरपंच मुंशी राम साहू, सोसायटी अध्यक्ष फिरन यादव, सोसायटी अध्यक्ष बालेश साहू, विधायक प्रतिनिधि व सोसायटी अध्यक्ष राजू चंद्राकर विराजमान रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा की पूजा अर्चना से प्रारंभ हुई तत्पश्चात अतिथि स्वागत का दौर प्रारंभ हुआ, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों तथा गांव के गणमान्य नागरिकों द्वारा संसदीय सचिव श्री यादव व उपस्थित अन्य अतिथियों का स्वागत संपन्न हुआ। तत्पश्चात साइकिल वितरण का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें संसदीय सचिव श्री यादव व अन्य गणमान्य अतिथियों के कर कमलों से निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली छात्राओं को साइकिल वितरित किया गया।
इस अवसर पर संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने मानव जीवन में खेल के महत्व पर सारगर्भित उद्बोधन देते हुए पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से तूफान दीवान, बीआर साहू, प्रीतम साहू, रमेश साहू, मेला ठाकुर, करतार नायक, श्याम लाल पटेल, तुलसी राम साहू, घासीराम छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।