महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जनवरी। आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल के हस्ताक्षर नहीं होने से नाराज एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्ट कार्ड अभियान शुरू किया है। जिसे लेकर एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कल शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को आरक्षण विधेयक के बारे में बताया। इसके बाद समस्त महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने समर्थन करते हुए पोस्ट कार्ड में हस्ताक्षर किया।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निखिलकांत साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक लाया है। जिस पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल अनुसुइया उइके हस्ताक्षर नहीं कर रही है। जिसकों लेकर युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के द्वारा पोस्टकार्ड भेज आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर करने की मांग करने यह अभियान चलाया जा रहा है। सभी पोस्ट कार्ड को संग्रहित कर डाक के माध्यम से राजभवन तक भेजेंगे। यदि इसके बाद भी राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर नहीं की गयी तो आगामी 3 जनवरी को राजभवन का घेराव किया जाएगा।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शहबाज राजवानी ने कहा कि विगत 2 दिसंबर से यह विधेयक राजभवन में लंबित है। इस विधेयक में एसटी 32 प्रतिशत, एससी 13 प्रतिशत, ओबीसी 27 प्रतिशत, ईडब्लयूएस 4 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। 29 दिन बाद भी राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर नहीं करना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कॉलेज के समक्ष पोस्टकार्ड हस्ताक्षर अभियान के दौरान प्रदेश महासचिव युकां निखिलकांत साहू, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शहबाज राजवानी,वैभव मिश्रा,शुभम चंद्राकर, निहार चाकोले, कान्हा प्रधान, कैवल्य साहू आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।