महासमुन्द

छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, 22 महिलाएं समेत 26 गिरफ्तार
01-Jan-2023 1:11 PM
छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, 22 महिलाएं समेत 26 गिरफ्तार

फरार की तलाश जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जनवरी।
छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने वाले 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें 22 महिलाएं शामिल हैं।

महासमुंद-ओडिशा जिला पुलिस ने संयुक्त  छापेमारी के दौरान ओडिशा के नुआपड़ा जिले की खरियार रोड जोंक थाना पुलिस ने महासमुंद पुलिस के साथ ईरानी पारा में छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने वाले 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है,  इनमें 22 महिलाएं शामिल हैं। थाना प्रभारी कैलाश चंद्र सेठी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि फरार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मालूम हो कि दोनों जिलों की पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली थी कि स्थानीय ईरानी पारा में 26 दिसंबर को डकैती के मामले में फरार दो वारंटी छुपे हुए हैं। सूचना मिलते ही तत्काल जोंक थाना  प्रभारी कैलाश सेठी के निर्देश पर सुबह लगभग साढ़े 11 बजे एसआई अरविंद मेहेर के नेतृत्व में एक टीम ने वहां छापा मारा और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों को थाना लाया जा रहा था कि इसी बीच ईरानी पारा के 40 से 50 लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर उन पर हमला कर दिया। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। मौका पाकर दोनों वारंटी भागने में सफल हो गए थे।

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने एसआई बबिता महाभोई के नेतृत्व में एक दूसरी टीम घटनास्थल पर भेजी। टीम ने एसआई मेहेर को अचेत अवस्था में रेस्क्यू किया था। बताया गया है कि हमलावर उनका गला दबाकर उन्हें मारने की कोशिश कर रहे थे।

 सभी घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। उस समय एक मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया गया और हालात काबू करने पुलिस बल तैनात किया गया था। इस घटना में 10 पुलिसकर्मियों को चोट आने की जानकारी सामने आई है।

 एसआई बबिता महाभोई की शिकायत पर 25 नामजद और 20 अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। चार दिनों बाद शनिवार को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी है।

 


अन्य पोस्ट