महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 30 दिसंबर। बलौदाबाजार वन मण्डल के बार अभ्यारण्य से लगे क्षेत्र में वन विभाग की लापरवाही से लगातार मारे जा रहे शेड्यूल वन के वन्य प्राणियों की जानकारी शासन-प्रशासन तक पहुंचने के बाद भी दोषी अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से अब प्रदेश में वन्य प्राणियों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।
बलौदाबाजार वन मंडल में विगत दिनों शेड्यूल वन के तीन वन्य प्राणी मारे गए, परन्तु इनका खुलासा तब हुआ जब इनके शव सड़ कर दुर्गंध फैला रहे थे।
एक डिप्टी रेंजर, 2 गार्ड फिर भी 50 मीटर दूर हाथी का शव नहीं दिखा
ग्रामीण सूत्र बताते हैं कि देवपुर वन परिक्षेत्र में जिस स्थान पर हाथी शिकारियों की विद्युत तार में फंस कर मारा गया था। वह वन ग्राम पकरीद के विश्राम गृह से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस विश्राम गृह में बार अभ्यारण्य में पदस्थ एक डिप्टी रेंजर का आवास इसी विश्रामगृह कैम्प्स में है। इसके अलावा देवपुर वन परिक्षेत्र के दो वन रक्षक भी इसी परिक्षेत्र में ही निवास करते है। इसके बावजूद हाथी के मारे जाने की खबर कोई सप्ताह भर बाद ही वन कर्मियों को मिली। इसका मतलब साफ है कि वन कर्मी अनेक दिन मुख्यालय से बाहर रहते है। उनको पता भी था तो उसे चोरी छिपे निपटाने के लिए प्रयासरत थे।
ग्रामीणों द्वारा मीडिया को जानकारी दिए जाने के बाद मामला सामने आ ही गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जब मीडिया घटनास्थल पहुंचा तब मृत हाथी के समीप एक जेसीबी भी खड़ी दिखी। माना जा रहा है कि संभवत: इसे गुपचुप तरीके से दफनाने की तैयारी कर ली गयी थी, परन्तु मीडिया ने वन विभाग की मंशा पर पानी फेर दिया था। यहाँ प्रश्न यह उठता है कि हाथी की मौत के बाद उच्च अधिकारियों के पहुंचने के पहले ही जेसीबी कैसे पहुंचा। उच्च अधिकारियों के पहुंचते ही स्थानीय अधिकारियों ने तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकर बताते हंै कि हाथी की मौत का सबसे बड़ा कारण वन अधिकारियों की लापरवाही है, क्योंकि जानकारों के अनुसार हाथी को जब करंट लगा होगा तो हाथी चिंघाड़ा जरूर होगा चूंकि घटना रात की है लिहाजा चिंघाड़ की आवाज कई किलोमीटर गई होगी इसके बावजूद मात्र 50 मीटर की दूरी पर मुख्यालय होने के बावजूद पदस्थ कर्मी इसे नहीं सुन पाए इसका मतलब स्पष्ट है कि कोई भी वनकर्मी मुख्यालय में नहीं थे।
दो तेंदुआ की मौत, दोषी कोई नहीं
इधर हाथी की मौत के पखवाड़े भर के भीतर ही बार अभ्यारण्य से लगे लवन वन परिक्षेत्र में दो तेंदुआ की सड़े गले शव मिले। वन विभाग ने तेंदुआ के सभी आर्गन सुरक्षित देख कर यह अनुमान लगाकर सुनिश्चित कर लिया कि इन तेंदुआ का शिकार नहीं किया गया बल्कि ये खुद ही लड़ कर मारे गए है। इसमें वन विभाग का कोई दोष ही नहीं है। वह अफसर अपनी जांच में यह बात क्यों भूल गए कि मृत दोनों तेन्दुओं के शव सड़ गल चुके थे। इसका मतलब साफ था कि तेन्दुओं की मौत कोई माह भर पहले हो चुकी थी, जिसका वह विभाग को अभी पता चला।
इस संबंध में जानकारों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए यदि नर मादा थे तब उनके बीच संघर्ष सम्भव नहीं है। यदि दोनों नर थे और उन्होंने संघर्ष किया भी तो उनकी चिंघाड़ा दूर दूर तक जाती है, और ग्रामीण सहित समीप के अलदा मुख्यालय में निवास करने वाले वन रक्षक को तो अवश्य पता चल ही गया होगा, परन्तु अपने कत्र्तव्यों के प्रति लापरवाह वन कर्मी उक्त घटना के बाद शव मिलते तक कभी जंगल गस्त में गए ही नहीं होंगे लिहाजा उन्हें इसकी जनकारी नहीं मिल पाई।