महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर। पुलिस को देखकर गांजा तस्कर कार छोडक़र भाग गया। पुलिस ने कार से 30 किलो गांजा बरामद किया है.
पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली अभिषेक के साथ थाना प्रभारी सिंघोड़ा की टीम ने ग्राम रेहटीखोल में वाहन चेकिंग के दौरान एक अज्ञात वाहन से 30 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक ओडिशा से महासमुंद के रास्ते गांजा लेकर राजधानी रायपुर की ओर आ रहा था और पुलिस को देखते ही सडक़ पर वाहन छोड़ भाग निकला। पुलिस की टीम यहां वाहन चेकिंग पर थी। तभी वहां एक सुजूकी चारपहिया गुजरी। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वाहन का चालक तेज रफ्तार से वाहन भगाकर ले गया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। एन एच 53 रोड किनारे राधामाधव मंदिर के पास ग्राम मुरमुरी में उक्त वाहन को छोडक़र आरोपी भाग निकला।
पुलिस ने चालक की देर तक पता तलाश किया। कोई पता नहीं चलने से वाहन की तलाशी ली तो वाहन की डिक्की में कुल 30 पैकेटों मे 30 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला।
इस पर अज्ञात के खिलाफ 20 (ख) नारकोटिक्स एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए मामले को विवेचना में लिया गया।