महासमुन्द

किशनपुर शिवलिंग के दर्शन के लिए भीड़ का आना जारी, शराब भी खूब बिक रही
25-Dec-2022 8:27 PM
किशनपुर शिवलिंग के दर्शन के लिए भीड़  का आना जारी, शराब भी खूब बिक रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 दिसंबर।
समीप के ग्राम किशनपुर में कथित स्वयंभू शिवलिंग के दर्शनार्थ आने वाले दूर-दूर के ग्रामीणों के ग्राम में तालाब की मेढ़ सहित अन्य स्थानों पर गंदगी किए जाने से अब ग्रामीण महिलाओं के निस्तार पर भी विराम लग रहा है जिससे ग्रामवासी परेशान होने लगे है। ज्ञात हो कि कथित शिवलिंग प्रकट होने की अफवाह के कारण दूर-दूर से प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु किशनपुर पहुंच रहे है।

 छत्तीसगढ़ की एक रिर्पाेट के बाद जिले भर में पुलिस द्वारा भीड़ लेकर जा रही मालवाहकों पर कार्रवाई की थी। उसके बाद भीड़ कुछ नियंत्रित हुई थी। परंतु अब दुपहिया बस एवं टैक्सियों से लोग किशनपुर पहुंच रहे है।

 ग्राम सरपंच बताते है कि दूर-दूर से ग्रामीण रात से ही किशनपुर पहुंच रहे है। रात में ये श्रद्धालु किसी ग्रामीण के बाहर बरामदे में रात काट कर सुबह के अंधेरे में ग्राम के एक मात्र निस्तार तालाब की मेड पर ही शौच कर गंदगी फैला रहे है। जिससे ग्राम में चल रहे स्वच्छ भारत अभियान को यहां भारी झटका लगा है। ग्राम की महिलाएं सुबह से निस्तार हेतु इस इकलौते तालाब पर ही आश्रित थी। परंतु आगंतुको की भीड़ एवं मेड पर गंदगी के चलते ग्रामिणो का निस्तार भी प्रभावित हो गया है।

अवैध शराब बिक्री से प्रतिदिन झड़प
किशनपुर के कथित शिवलिंग दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए नारियल अगरबत्ती के साथ अब प्राय: प्रत्येक सामग्री की दुकान यहां सडक़ पर सजी है। यहां का पूरा माहौल मेले जैसा है। इस भीड़ का फायदा अवैध शराब विक्रेता भी बखूबी उठा रहे है। मेला स्थल पर पानी तो नही परंतु शराब एवं गुटखा आसानी से उपलब्ध हो रहा है। यहां शराब विक्रेता किसी भी कोचिए पर कार्रवाई नही की गई है।

अब मुनगासेर का वीडियो वायरल
किशनपुर में कथित प्रकट शिवलिंग में प्रतिदिन हजारों की भीड़ और लाखों की चढ़ोत्तरी के बाद महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के मुनगासेर में भी धरती फट कर शिवलिंग निकलने एवं उनके दर्शन के लिए हजारों की भीड़ पहुंचने का एक वीडियो यूट्यूब पर वायरल हुआ है। माना जा रहा है कि किशनपुर की तरह यहां भी श्रद्धालु जुटने लगेंगे। हालात ऐसे ही बने रहे तो महंगाई के इस दौर में कमाई के इस तरह के नए जरिए लगातार सामने आते रहेंगे।


अन्य पोस्ट