महासमुन्द
महासमुंद, 25 दिसंबर। रविवार को क्रिसमस जिला मुख्यालय समेत जिले के सभी चर्च में धूमधाम से मनाया जा रहा है। रात भर प्रभु यीशु के अनुयायियों ने गिरजाघरों में प्रार्थना सभा आयोजित कर उनका गुणगान किया। इसके लिए मसीह समाज के लोगों ने एक महीने पहले से तैयारियां शुरू की थी। गिरिजाघरों को बिजली की झालर, घंटियां और क्रिसमस ट्री से दुल्हन की तरह सजाया गया है।
महासमुंद शहर के तुमगांव रोड स्थित सेंट पीटर्स चर्च और पिटियाझर रोड स्थित कैथोलिक चर्च को आकर्षक रंग-बिरंगी झालर लाइट से सजाया गया है। दो सालों से यहां कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए रैली आदि का आयेजन नहीं हो रहा था लेकिन इस बार ईसाई समुदाय ने काफी हर्ष उल्लास के साथ इस पर्व में भागीदारी की है। समाज के फादर देवानंद वाघ, अनवीश नाणी, राकेश सालोमन, अरुणा तांडी आदि ने बताया कि चर्च में सामाजिक जलसा का आयोजन रखा गया। आज सुबह 11 बजे तक प्रभु की विशेष आराधना हुई, जिसमें समाज के सभी लोगों ने हिस्सा लिया।