महासमुन्द
सरायपाली के अंतिम छोर ओडिशा सीमा पर बसे सहजपानी स्कूल का हाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 दिसंबर। जिले में आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुलने, स्कूलों में शिक्षकों का प्रमोशन, स्थानांतरण की प्रक्रिया होने के बाद भी सुदूरवर्ती वनांचल ग्राम में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। सरायपाली ब्लॉक के सहजपानी में तो शिक्षक के साथ-साथ भवन का भी अभाव है। यहां एक नवनिर्मित शाला भवन उपयोग के पहले अनुपयोगी हो गया और मूल शाला भवन अति जर्जर हालत में है। बच्चों को बिठाने के लिए एकमात्र प्रधानपाठक कक्ष ही शेष है। जहां जगह का अभाव है। बावजूद यहां 5 कक्षाएं संचालित हैं। जिन्हें केवल एक शिक्षक ही पढ़ाते हंै।
महासमुंद जिले का अंतिम ब्लॉक सरायपाली है और सहजपानी ग्राम सरायपाली ब्लॉक के अंतिम छोर ओडिशा सीमा पर बसा है। इस सुदूरवर्ती वनांचल ग्राम सहजपानी में स्थित प्राथमिक शाला में पहली से पांचवीं तक 47 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिनके लिए एक मात्र शिक्षक पदस्थ हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने शाला भवन नहीं है, मूल शाला भवन जर्जर है और एक नवनिर्मित भवन उपयोग के पहले अनुपयोगी हो गया है। जो 20 वर्ष पूर्व साढ़े 3 लाख की लागत से बना था।
मूल शाला भवन के अभाव में स्कूल परिसर में स्थित प्रधानपाठक कक्ष में कक्षाएं संचालित हैं। एक ही कक्षा में 5 कक्षाएं लगाते हैं। बच्चों की दर्ज संख्या इतनी अधिक है कि प्रधानपाठक कक्ष में बच्चों को बैठने के लिए जगह का अभाव होने लगा है। जगह की कमी के अलावा विद्यार्थी एक कक्ष में 5 कक्षाएं बैठकर कैसे अध्ययन कर रहे होंगे, वहां पढ़ाई का स्तर कैसा होगा, समझा जा सकता है।
शिक्षा विभाग ने अभी तक इस स्कूल की सुधि नहीं ली है। यहां पढऩे वाले बच्चों के पालक इतने सक्षम नहीं है कि बच्चों को अन्य स्कूलों में दाखिला कराएं या प्राइवेट स्कूल भेजकर अध्ययन करवाएं। ब्लॉक में कई ऐसे स्कूल हैं, जहां बच्चों की कमी के कारण स्कूलों को मर्ज करने की स्थिति आ चुकी है। लेकिन इस वनांचल ग्राम में बच्चों की दर्ज संख्या इतनी अधिक है कि दो से अधिक शिक्षक व पढऩे के लिए पांच कक्ष की आवश्यकता है।
सहजपानी के स्कूल में न तो बैठने के लिए पर्याप्त जगह है और ना ही पढ़ाने के लिए शिक्षक। मजबूरीवश प्राथमिक तक की पढ़ाई गांव में किसी तरह करने विद्यार्थी मजबूर हैं। ग्रामीण संतोष प्रधान, नेत्रो बरिहा, सत कुमार साहू, चंद्रमणि विश्वकर्मा, शंकर राणा, प्रशांत प्रधान, श्यामलाल बरिहा, घुराऊ नायक, सुरेंद्र प्रधान, मुनीराम बंछोर आदि ने बताया कि स्कूल भवन, शिक्षकों की कमी को लेकर उनके द्वारा पूर्व में शिक्षा विभाग व जन समस्या शिविर में कलेक्टर का ध्यानाकर्षण कराया था, लेकिन उनकी मांगों पर किसी ने अमल नहीं किया है।
बहरहाल स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल नहीं होने के कारण स्कूल परिसर के आस-पास के रहवासी स्कूल की जमीन का उपयोग कर रहे हैं।
स्कूल के प्रभारी प्रधानपाठक प्रफुल्ल बरिहा ने बताया कि शिक्षक व भवन की कमी है। बच्चों को बैठाकर अध्यापन करवाने स्कूल के समीप भी जगह का अभाव है। जिसके चलते स्कूल परिसर में स्थित प्रधानपाठक कक्ष में कक्षा संचालित है। मूल शाला भवन डिस्मेंटल योग्य हो गया है। लेकिन, उसे न तो डिस्मेंटल किया जा रहा है और न ही नए भवन की स्वीकृति मिल रही है। शिक्षा विभाग को भवन और शिक्षक की कमी को लेकर पूर्व में कईबार शाला विकास समिति व प्रधानपाठक की ओर से अवगत कराया जा चुका है।
अगले सत्र से भवन की समस्या से मिल जाएगा छुटकारा - बीईओ
विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र मांझी ने कहा कि एक-दो दिन में वहां शिक्षक की व्यवस्था हो जाएगी। अतिरिक्त कक्ष के लिए प्रस्ताव मंगवाया गया है, स्वीकृति मिलते ही नए भवन बनेंगे। अगले सत्र से विद्यार्थियों को भवन की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।