महासमुन्द
महासमुंद, 24 दिसंबर। पूर्व विधायक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डा.विमल चोपड़ा समेत नगर के सैकड़ों प्रबुधद् लोगों ने कल महासमुंद नगर स्थित गुरूद्वारा साहिब में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में रक्तदान किया।
सांसद प्रतिनिधि पवन साहू,मोहन साहू ने भी रक्तदान किया और धर्म की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले छोटे-छोटे साहिबजादों को श्रद्धांजलि भेंट की। महासमुंद में कल रक्तदान शिविर में गुरूद्वारा कमेटी ने लोगों से अपील की कि मानवता के इस कार्य में अपना योगदान जरूर दें। मालूम हो कि महासमुंद सिख समाज ने गुरु गोविंद सिंघ के चारों बेटों की शहादत को समर्पित 22 से 28 दिसंबर तक शहीदी सप्ताह पर जिले भर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया है। इसी क्रम में 23 दिसंबर को गुरुद्वारा साहिब महासमुंद में गुरुद्वारा कमेटी एवं सिख यूथ विंग ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। रक्तदान शिविर के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी गुरुद्वारा साहिब में लगाया गया। जिसमें विशेष रूप से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एच एस गुरुदत्ता एवं डॉ. कुलवंत अजमानी उपस्थित थे।