महासमुन्द
दहेज प्रताडऩा से तंग नवविवाहिता ने लगाई थी फांसी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 23 दिसंबर। दहेज प्रताडऩा से तंग नवविवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। इस मामले में पिथौरा पुलिस तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल माह में रायपुर की रंजना बघेल की शादी लाखागण पिथौरा निवासी लाखन सिंह कोसरिया से हुई थी। शादी के 2 माह के भीतर नवविवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतिका के परिजनों के बयानों के आधार पर दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच की गई।
पूर्व एसडीओपी पिथौरा द्वारा की गई वर्तमान एसडीओपी प्रेम साहू द्वारा प्रकरण की विवेचना पूर्ण कर चालान न्यायालय में पेश किया गया विवेचना के दौरान दो आरोपी बेदराम तथा जीवन उर्फ जागेश्वर कोसरिया को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 3 आरोपी फरार थे जिनकी पतासाजी लगातार की जा रही थी, जिन्हें मुखबिर की सूचना पर ग्राम खैरझिटी थाना तुमगांव से निरीक्षक शिवानंद तिवारी थाना प्रभारी पिथौरा एवं टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।
इस प्रकरण की मानिटरिंग आरिफ एच शेख आईजीपी रायपुर द्वारा की जा रही थी, जबकि धर्मेंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किए हुए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महासमुंद आकाश राव गिरिपुंजे द्वारा लगातार प्रगति की जानकारी ली जा रही थी वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी पिथौरा के अथक प्रयास से 8 माह से फरार आरोपियों आनंद कोसरिया, पुनिया बाई व लाखन सिंह कोसरिया को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।