महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23 दिसंबर। द न्यू होली फेथ स्कूल महासमुंद के 13 वें वार्षिक उत्सव सम्मेलन वहां उपस्थित सभी लोगों को कुछ ना कुछ सीख दे गया। यहां प्रस्तुत कार्यक्रमों की तैयारी स्कूल के स्टफ ने बच्चों के साथ की थी। बच्चों ने उसे वैसा ही मंच पर ढालने का प्रयास किया। बच्चों के प्रयास को पालकों ने भी आनंद से सुना-देखा और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के कलेक्टर निलेश क्षीरसागर, अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवाई थे। विशेष अतिथि के रूप में यति यतन लाल हॉस्पिटल के चिकित्सक और द न्यू होली फेथ स्कूल महासमुंद के संरक्षक डॉ. एम वाई मेमन थे। अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इसके पश्चात होली फेथ स्कूल के बच्चों ने अरपा पैरी गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। स्वागत गीत स्कूल के स्टाफ ने प्रस्तुत किया। संस्था के प्राचार्य एवं संस्था के चेयरमैन सदस्यों तथा स्कूल के हेड ब्वॉय एवं हेड गल्र्स ने अतिथियों का पुष्पहार एवं बैच लगाकर स्वागत किया। पश्चात कक्षा में प्रथम आने वाले बच्चों पलक जैन, रूही, गगनदीप, त्रिशिका कौर, अंजलि पवार, तारिणी साहू, एंजेल कुकरेजा, अंशुल गुप्ता, रौनक पांडे, रिद्धि कुर्रे, आकांक्षा गुप्ता, प्रियांशी, सतीश सिंह, जिनेंद्र बरिहा, शिक्षिका निधि बग्गा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन महेंद्र जैन ने संस्था का प्रतिवेदन रखते हुए कहा कि कोविड.19 के बाद स्कूल का प्रथम वार्षिक उत्सव है। कोविड केदिनों में संस्था को काफी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा फिर भी संस्था ने अपने किसी भी स्टाफ को नहीं हटाया और ना ही उनके मानदेय में किसी भी प्रकार की कोई कटौती की।
इस दौरान पालकों से मिले सहयोग के लिए उन्होंने उनका कृतज्ञता ज्ञापित किया।
मुख्य अतिथि की आसंदी से महासमुंद के जिलाधीश निलेश क्षीरसागर ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों को हर क्षेत्र में मेहनत करनी चाहिए और जिस क्षेत्र में उनकी रूचि हो उसे ही अपने कैरियर के लिए अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा यहां का छात्र जिनेंद्र बरिहा ने पूरे प्रदेश में बोर्ड की परीक्षा में सातवां स्थान प्राप्त कर केवल संस्था का नाम ही नहीं अपितु महासमुंद जिले का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवई ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें अनुशासन के साथ रहने एवं चलने की सीख दी। ुन्होंने संस्था के बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। विशेष अतिथि डॉ एम वाई मेमन ने कहा कि मैं इस संस्था से शुरुआती दौर से जुड़ा हुआ हूं। संस्था ने इस दौरान नए नए मुकाम हासिल किए हैं और इस बात को प्रमाणित करता है कि एक छोटी सी संस्था बहुत कम समय में अपने बड़े स्वरूप की ओर अग्रसर होते जा रहा है।
समस्त अतिथियों को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। मंचीय कार्यक्रम के पश्चात होली फेथ स्कूल का वार्षिक उत्सव जो कि रिश्ते थीम पर आधारित था, शुरू हुआ। इस दौरान बच्चों ने उड़ीसा का संबलपुरी नृत्य, गुजरात का डांडिया, महाराष्ट्र मराठी फोक डांस, राजस्थान का घूमर, असम का बिहू, जम्मू कश्मीर का डोंगरी, पंजाब का भांगड़ा, छत्तीसगढ़ी पंथी सुआ एवं राउत नाचा पर खूब तालियां बटोरी। अंत में संस्था के प्राचार्य सरवरी पिंचा ने अतिथियों समेत सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।