महासमुन्द
‘छसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 दिसंबर। महासमुंद में नगर सरकार तुंहर द्वार यात्रा शुरू होने जा रहा है। संपर्क, समीक्षा और समाधान की तर्ज पर इस यात्रा में समस्या निराकरण किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग और पार्षद आम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधा मुहैया कराने एवं वार्डों में कोई समस्या हो तो उसका निराकरण करने उनसे रू ब रू होंगे। साथ ही वार्डों में चौपाल लगाया जाएगा और प्राप्त समस्याओं का मौके पर ही निदान किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर नपाध्यक्ष की अध्यक्षता में कल पार्षदों की बैठक आहुत हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग की अध्यक्षता में कल मंगलवार को सभापति और पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने बताया कि संपर्क, समीक्षा और समाधान की तर्ज पर नगर सरकार तुहंर द्वार यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें नपाध्यक्ष सहित पार्षदों और नगर पालिका के सभी विभाग प्रमुख मौजूद रहेंगे। वार्ड के किसी एक स्थान पर चौपाल लगाया जाएगा। जहां नपाध्यक्ष और पार्षद आम लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्या सुनेंगे। मौके पर ही उसका निराकरण की कोशिश होगी।
उन्होंने बताया कि तीन चरणों में यह यात्रा निकाली जाएगी। पहले चरण में 26 दिसंबर की सुबह 10 बजे वार्ड नंबर 2 और 3 से इसकी शुरुआत होगी। दूसरे दिन 27 दिसंबर को वार्ड नंबर 10, 14 में, तीसरे दिन वार्ड 5, 7, चौथे दिन वार्ड 6, 8 और पांचवें दिन वार्ड नंबर 9 तथा 10 का भ्रमण करेंगे। इस बीच एक सप्ताह गैप में भ्रमण के दौरान मिले आवेदनों की समीक्षा और निराकार किया जाएगा। इसके बाद फिर दूसरे और तीसरे चरण में नगर सरकार तुहंर द्वार यात्रा चलाया जाएगी।
बैठक में सभापति व उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, पवन पटेल,महेन्द्र जैन, मनीष शर्मा, हफीज़ कुरैशी, अमन चंद्राकर, मीना वर्मा, शोभना यादव, हेमलता यादव, राजेन्द्र चंद्राकर, जगतराम महानंद, मुन्ना देवार, राहुल चंद्राकर, रिंकू चंद्राकर, एल्डरमेन गुरमीत सिंह चावला सहित पालिका कर्मचारी मौजूद थे।