महासमुन्द
फर्म महामाया एग्रोटेक एवं साईकृपा राईस मिल साराडीह का है मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 दिसंबर। अपीलीय अधिकारी प्रबंध संचालक छग राज्य कृषि विपणन मंडी बोर्ड रायपुर ने फ र्म महामाया एग्रो टेक एवं साई कृपा राईस मिल के संचालक तेजप्रकाश चन्द्राकर द्वारा उच्च न्यायालय बिलासपुर में दायर रिट याचिका के निर्णय के परिपालन में विषय वस्तु प्रकरण के विवेचना, कारण, निष्कर्ष के साथ बीते 29 नवंबर 2022 को निर्णय पारित कर कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद के द्वारा 5 नवंबर 2020 के निर्णय आदेश को स्थिर रखते हुए तेजप्रकाश चन्द्राकर के अपील को खारिज कर दिया है। इस बार उनकी सम्पत्ति को कुर्की कर किसानों के विक्रय धान का भुगतान करवाने के लिए जिला कलेक्टर महासमुंद, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, महासमुंद तहसीलदार तथा अध्यक्ष-सचिव कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद को समय सीमा के भीतर निर्णय का सख्ती से पालन करने आदेशित किया है।
गौरतलब है कि 57 किसानों ने धान बिक्री कर राशि का भुगतान नहीं करने संबंधी प्रकरण तेजप्रकाश चन्द्राकर के विरूद्व दर्ज कराया है। प्रकरण में राशि 1करोड़ 61 लाख 75 हजार 282 रुपए का भुगतान किसानों को करना बाकी है। तेजप्रकाश चन्द्राकर द्वारा इस प्रकरण पर मंडी प्रशासन तथा मंडी बोर्ड की फैसले के विरूद्ध दो बार उच्च न्यायालय बिलासपुर में रिट याचिका दायर किया जा चुका था। दोनों बार उच्च न्यायालय ने उनकी अपील को पुन: विवेचना जांच कर अपीलीय अधिकारी प्रबंध संचालक को भेजकर अंतिम निर्णय करने आदेशित किया था ।
मामला यह है कि तेजप्रकाश चन्द्राकर फर्म महामाया एग्रो टेक एवं साईकृपा राईस मिल साराडीह का संचालक है। उन्होंने 57 किसानों से वर्ष 2016-17 एवं 17-18 में समर्थन मूल्य दर पर तथा भुगतान विलंब से होने पर प्रति च्टिल 25 रुपए का अतिरिक्त राशि भुगतान का लालच प्रलोभन देकर मंडी एक्ट के विपरीत धान खरीदी की थी। क्रय-विक्रय का प्रमाण हस्तलिखित सादे पेपर में अपने हस्ताक्षर युक्त सौदा पेपर बनाकर किसानों को दिया था। उन्होंने मंडी प्रशासन से मिलीभगत कर मंडी के वैध पुस्तिका पक्की रसीद सौदा पत्रक पर्ची, भुगतान पत्रक पर्ची में किसानों का स्वयं फर्जी हस्ताक्षर करके क्रय विक्रय का दस्तावेज तैयार कर भुगतान होने का प्रमाण मंडी कार्यालय में जमा करवाया। इस पर धारा 420, 467, 468 का अपराधिक प्रकरण दर्ज कर तेजप्रकाश के विरूद्व महासमुंद कोतवाली महासमुंद में मामला दर्ज है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी तेजप्रकाश चन्द्राकर फरार है। तेजप्रकाश चन्द्राकर द्वारा उच्च न्यायालय में दो बार दायर जमानत खारिज हो चुका है।
पत्रकार वार्ता आयोजित कर जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर किसान भुगतान संघर्ष समिति महासमुंद के संयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य महासमुंद, तेजराम विद्रोही संयोजक मंडल सदस्य छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ, किसान भुगतान संघर्ष समिति महासमुंद के सदस्य शंकर, सुरेश चन्द्राकर, भरत चन्द्राकर, पवन चन्द्राकर एवं बिसहत चन्द्राकर ने कहा कि हम पिछले चार साल से किसानों को बकाया भुगतान के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि तेजप्रकाश चन्द्राकर ने किसानों को भुगतान से बचने के लिए कई प्रकार के षडयंत्र रचा। उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका दायर कर किसानों को ही गलत साबित करने की कोशिश की। लेकिन हम किसानों को न्यायालय पर पूर्ण भरोसा था। जिसे कायम रखते हुए अपीलीय अधिकारी प्रबंध संचालक,छग राज्य कृषि विपणन मंडी बोर्ड रायपुर ने तेजप्रकाश चन्द्राकर की अपील को खारिज कर उनके सम्पत्ति कुर्की कर किसानों का बकाया भुगतान करने आदेश पारित किया है।
किसानों के मुताबिक उक्त आदेश को पारित हुए बीस दिन गुजर चुका है, लेकिन किसानों को भुगतान अब तक नहीं किया गया है और न ही मंडी द्वारा तेजप्रकाश चन्द्राकर की संम्पत्ति को अपने कब्जे में रखने का इश्तहार प्रकाशित किया है। जानकारी मिल रही है कि मंडी सचिव को कहीं और तबादला किया जा रहा है इससे निलामी की प्रक्रिया में विलंब होगी। किसानों ने पूछा है कि मंडी सचिव के तबादले के पीछए का राज किसी को समझ में नहीं आ रहा है। एक तरफ पुलिस प्रशासन तेजप्रकाश को तलाश कर रही है और तेजप्रकाश है कि फ रार रहते हुए सारे हथकंडे अपना रहा है।
किसानों के मुताबिक अपीलीय अधिकारी के फैसले से किसानों का न्यायपालिका के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है परंतु कार्रवाई में विलंब और मंडी सचिव की तबादले से किसानों को संशय है कि समय सीमा के भीतर कार्यवाही होगी भी या नहीं। अगर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कार्यवाही नहीं की जाती है किसान उग्र कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।
किसानों ने आहवान किया है कि जिलास्तर के अधिकारी, कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद तेजप्रकाश चन्द्राकर की संपत्ति को अपने कब्जे में रखने संबंधित इश्तहार प्रकाशित कर संपत्ति नीलामी कर किसानों को उनका बकाया राशि शीघ्र ही भुगतान शीघ्र करावें।