महासमुन्द

चोरी की बदनामी के डर से साथी को मारा, आरोपी गिरफ्तार
21-Dec-2022 5:18 PM
चोरी की बदनामी के डर से साथी को मारा, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 दिसंबर।
आरंग थाना क्षेत्र के भानसोज निवासी रूपेंद्र निर्मलकर की चार दिन पहले मिली लाश के मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे की हत्या उसके साथी ने की थी। उसके शव को दलदल में फेंक दिया गया। दोनों मिलकर चोरी किया करते थे, इसी वजह से आरोपी को डर था कि उसकी सच्चाई सामने न आ जाए। इसलिए आरोपी ने घटना को अंजाम दिया और बाल काटकर वह अपने रिश्तेदार के यहां छिप गया। 

रूपेंद्र निर्मलकर (10) 15 दिसंबर से लापता था। परिजनों ने तलाश की, मगर उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने बच्चे की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच भी कर रही थी। मगर 17 दिसंबर को गांव के ही दलदल में बच्चे का शव मिल गया। पीएम रिपोर्ट में भी हत्या की बात सामने आई थी।

पुलिस को जांच के दौरान ही पता चला कि बच्चा आखिरी बार अपने साथी दुर्गेश निर्मलकर (21) के साथ देखा गया था। इस पर पुलिस ने दुर्गेश के घर में दबिश दी। लेकिन दुर्गेश घर में नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी। उसका मोबाइल लोकेशन ट्रेस और कॉल डिटेल निकाली गई। आरोपी महासमुंद के खल्लारी इलाके में अपने रिश्तेदार ये यहां छिपा हुआ है। तब पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस की सख्ती से पूछताछ करने पर बताया कि हां मैंने रूपेंद्र की हत्या की है। दुर्गेश ने बताया कि हम दोनों साथ में धान चोरी किया करते थे। चोरी करने के बाद ज्यादा हिस्सा मैं रखता था। बाकी का हिस्सा बच्चे को दिया करता था। कम धान देने के चक्कर में भी रूपेंद्र से विवाद होता था। वो मुझे गांववालों को सच्चाई बताने की धमकी दिया करता था। इस बात से मैं परेशान था कि यदि किसी को ये पता चला गया कि मैं उसके साथ चोरी करता हूं तो बड़ी बदनामी हो जाएगी। इसलिए मैंने उसे मारने का प्लान बनाया। उसे मारने के मकसद से ही मैंने 15 दिसंबर की शाम को मिलने बुलाया था। इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को दलदल में फेंक दिया था। 


अन्य पोस्ट