महासमुन्द

स्वयंभू शिवलिंग मानकर उमड़ी भीड़ हो रही कम खबर का असर, मालवाहक में यात्रा सवारी पर रोक
20-Dec-2022 6:15 PM
स्वयंभू शिवलिंग मानकर उमड़ी भीड़ हो रही कम  खबर का असर, मालवाहक में यात्रा सवारी पर रोक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 दिसंबर।
‘छत्तीसगढ़’ की खबर के बाद स्थानीय पुलिस ने  किशनपुर पहुंच कर व्यवस्था सुधारने एवं खतरनाक तरीके से मालवाहक में यात्री ढुलाई पर रोक लगाते हुए वाहन चालकों को समझाइश दी। पुलिस के इस प्रयास से शिवलिंग के दर्शन करने सोमवार को सुबह उमड़ी भारी भरकम भीड़ दोपहर के बाद कम हो गई।

पुलिस ने अवैध तरीके से ग्रामीणों से लदे मालवाहकों का चालान किया और दुबारा इससे बचने की सलाह देकर छोड़ दिया। स्थानीय थाना प्रभारी शिवानन्द तिवारी ने बताया कि मालवाहकों में अत्यधिक संख्या में भरकर राष्ट्रीय राज मार्ग पर चलने वाली वाहनों का चालान कर भविष्य में इस तरह सवारी नहीं बैठाने की समझाइश के साथ वाहनों को छोड़ा गया है। इसके अलावा किशनपुर के स्वयंभू शिवलिंग स्थल पर भी वहां की व्यवस्था देख रही समिति को भीड़ व्यवस्थित करने की हिदायत दी गयी है। स्थल पर चल रही अवैध वसूली बन्द करने के निर्देश दिए गए है। समझाइश के बाद भी नहीं मानने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि विगत दो माह से समीप के ग्राम किशनपुर में शिवलिंग प्रकट होने की अफवाहों का बाद कुछ यु ट्यूबर ने मामले को सोशल मीडिया में प्रचारित किये जाने से पूरे देशभर में इसकी अफवाह फैला गई और अब लगातार शिवलिंग के दर्शन करने प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों व अन्य प्रांतों से भी प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग कथित शिवलिंग देखने पहुंच रहे हंै, जिस तरह लोग छोटी सी मालवाहक में पचास की संख्या में भरकर पहुंच रहे हैं, उससे कभी भी किसी गंभीर हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
 


अन्य पोस्ट