महासमुन्द

नए साल में बसों में जीपीएस सिस्टम के साथ पैनिक बटन लगाने की कवायद जारी
19-Dec-2022 2:36 PM
नए साल में बसों में जीपीएस सिस्टम के साथ पैनिक बटन लगाने की कवायद जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 दिसंबर।
बसों में होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए राज्य परिवहन विभाग ने यात्री बसों के साथ ही सिटी बसों में जीपीएस सिस्टम के साथ पैनिक बटन लगाए जाने का फैसला लिया है। उक्त फैसले के तहत पूर्व की पुरानी बसों के साथ सडक़ों पर दौडऩे वाली नई बसों में इसे लगाने की योजना बनाई है।

कहा जा रहा है कि नये साल से चलने वाली इन बसों में सीसीटीवी कैमरे के अलावा जीपीएस सिस्टम एवं पैनिक बटन लगने से आपराधिक घटनाओं पर विभाग की 24 घंटे नजर रहेगी। बस में लगा पैनिक बटन लोगों की मदद के लिए रहेगा, जिसे दबाते ही खतरे का अलार्म सीधे कंट्रोल रूम में बजेगा। अलार्म किस बस में बजा है, और उस समय बस कहां से गुजर रही है, यह जानकारी अलार्म बजने के साथ ही कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर नजर आने लगेगी।

कंट्रोल रूम में सभी बसों के ड्राइवर एवं कंडक्टरों का मोबाइल नंबर भी रहेगा। जिस पर तत्काल संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली जाएगी। संपर्क नहीं होने पर उस इलाके के करीबी थाने को सूचना देकर तत्काल मदद भेजी जाएगी। शासन के फैसले के तहत योजना की शुरुआत शहर के सिटी बसों से की जाएंगी। जीपीएस सिस्टम एवं पैनिक बटन लगाना सभी यात्री बस के लिए अनिवार्य किया गया है, पर इसका ट्रायल सिटी बसों से किया जाएगा।

जानकारी मिली है कि बसों में जीपीएस व पैनिक बटन सिस्टम की योजना पर कार्य नए वर्ष शुरू हो जाएगी। बसों पर नजर और सतत मॉनिटरिंग करने के लिए रायपुर राजधानी में कंट्रोल रूम भी तैयार कर लिया गया है। महासमुंद जिले में सिटी बसें तो फिलहाल एक भी नहीं हैं लेकिन यहां यात्री बसें करीब दो सौ से भी अधिक संख्या में हैं, जिनमें यह सिस्टम लगाने की कवायद चल रही है। इसके बाद न सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा बढ़ जाएगी बल्कि बसों में किसी भी तरह की अपराधिक घटनाएं नहीं हो पाएगी।
जिला बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्राकर कहते हैं कि बसों में जीपीएस और पैनिक बटन का सिस्टम लागू किए जाने की जानकारी रायपुर संघ की ओर मिली है लेकिन इस संबंध में विभाग से किसी तरह की जानकारी नहीं मिली है।

जानकारी अनुसार इस योजना के तहत यात्री बसों में जीपीएस सिस्टम के साथ पैनिक बटन लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके तहत एक बस में तीन पैनिक बटन लगाए जाएंगे। दो बटन बस के दोनों गेट के पास लगेंगे और एक बटन बस ड्राइवर की सीट के पास लगाया जाएगा। इस तरह बस के दोनों गेट पर लगा किसी भी बटन को दबाकर यात्री मदद मांग सकेगा। वहीं ड्राइवर केबिन में पैनिक बटन लगाने का उद्देश्य यह है कि कभी किसी यात्री को बटन दबाने का मौका नहीं मिला तो ऐसी स्थिति में ड्राइवर बटन दबा सके ताकि यात्री को तत्काल मदद मिल सके।
 


अन्य पोस्ट