महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 दिसंबर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय सरायपाली की छात्राओं ने एक शिक्षक पर बैड टच एवं गाली गलौज का आरोप लगाया है। स्कूल के प्राचार्य ने इसकी जानकारी शिक्षा विभाग को दी है।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वाकांक्षी स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सरायपाली की छात्राओं ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विगत 30 नवंबर को प्राचार्य को हस्ताक्षर युक्त पत्र लिखकर बच्चियों ने इस बात का खुलासा किया है। स्कूल के प्राचार्य ने शिक्षा विभाग को छात्राओं की ओर से मिले पत्र की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी की ओर भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मामले की पड़ताल जारी है और मामला दर्ज नहीं किया जा सका है।
पालकों का आरोप है कि सीएम प्रवास के दौरान मामला संज्ञान में न आ सके, इसलिए संबंधित शिक्षक को दूसरे स्कूल भेजकर शिक्षा विभाग ने मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की है।
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती एस चंद्रसेन का कहना है कि शिकायत मिलते ही हमने जांच शुरू कर दी है। जांच खत्म होते ही एक्शन लेंगे। मामले में पर्दा डालने का आरोप गलत है। यह बेटियों का मुद्दा है। शिक्षक तो क्या हम किसी को नहीं बख्शेंगे।