महासमुन्द

ग्रामीण बुजुर्गों को लगा सीएम से नहीं अपने घर के लइका से बात कर रहे...
17-Dec-2022 3:07 PM
 ग्रामीण बुजुर्गों को लगा सीएम से नहीं अपने घर के लइका से बात कर रहे...

सीएम से भेंट मुलाकात के किस्से, सभी ने फोटो सहेजकर रखा है...
 हेलीकॉप्टर में पत्नी संग यात्रा कर फूले नहीं समा रहे चैनसिंह 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 दिसंबर।
बीते 13 दिसंबर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 16 दिसंबर तक महासमुंद जिले में रहे। हालांकि कल उनकी यहां से रवानगी हुई है लेकिन वे आज भी लोगों के बीच चर्चा में हैं। जिले के गांवों में, शहरों के चौक-चौराहों पर उनकी चर्चा हो रही है।
 महासमुंद जिले के लोग मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरना, मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना करना, महिलाओं, बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों से अपनत्व के साथ बात करना, गरीबों के घर जाकर भोजन करना, भोजन के बाद परिवार को उपहार देना, जरूरत के हिसाब से सभी सामाजिक जनों को राशि देने की घोषणा करना, इलाज के लिए हर संभव मदद का आश्वासन, आखिर में बुजुर्ग दंपत्ति को अपने साथ हेलीकाप्टर में लेकर आसमान का सैर कराना, सब कुछ एक-एक कर याद कर रहे हैं। 
मुख्यमंत्री के आगमन पर एक बात खास थी कि उन्होंने हर भेंट मुलाकात के पहले छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा सबसे पहले की। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले सभी कहते हैं कि मुख्यमंत्री के साथ लिए गए फोटो को फ्रेम करके आजीवन सुरक्षित रखेंगे। छत्तीसगढ़ ने कुछ लाभान्वितों से बातचीत की है। प्रस्तुत है उनसे बातचीत का अंश। 
चैनसिंह अपनी पत्नी के साथ 
आदिवासी किसान चैनसिंह तो फूले नहीं समा रहा है। वह कहता है-हर किसी का सपना होता है कि वह कभी ना कभी आसमानी रास्ते हवाई जगह में बैठकर कहीं जाए। लेकिन कुछ का सपना पूरा और कुछ का अधूरा रहता है। ख़ासकर हम ग्रामीणों के। ..और फिर हम तो आदवासी हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमारा सपना पूरा किया है। चैनसिंह बताते हैं-पत्नी को लेकर हेलीकाप्टर में बैठा तो लगा कि सब कुछ मिल गया। पूरे सम्मान के साथ मैं गांव पहुंचा हूं। मेरे साथ उपाध्यक्ष जीव जंतु कल्याण बोर्ड छग शासन के आलोक चंद्राकर भी मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर गए थे। श्री चंद्राकर ने रायपुर में मुझे भोजन कराया और मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भेंट किए। वापस गांव धौराभांठा आया तो मेरे परिवार के लोगों ने आरती उतारकर मेरा स्वागत किया। इसे मैं तो क्या, मेरी आनेवाली पीढ़ी भी नहीं भूलेगी। 
ये सिरपुर निवासी खंबन सोनकर हैं। बताते हैं कि मैंने सीएम को बताया है कि सात एकड़ जमीन में खेती का उपज सरकार खरीदती है, राजीव न्याय योजना का पैसा मिल रहा है।  एक लाख रुपए का कर्ज माफ हुआ है। मेरा फोटो सीएम के साथ बहुत अच्छा आया है। बंधवा कर रखूंगा मैं अपने परिवार को दिखाऊंगा। यह बहुत बड़ी बात है कि सीएम के साथ मेरा फोटो है। 
दाऊलाल चंद्राकर का कहना है कि  छत्तीसगढ़ की परंपरा सबसे मिलजुल रहने और आत्मीयता से बातचीत करने की रही है। यहां के किसान  सभी जीवों  के अन्नदाता हैं। हमारे पुरखों का सपना था कि छत्तीसगढ़ राज्य बने और किसानों का दिन बदले, यही आज हो रहा है। 
इनका कहना है कि सीएम को देखा, उनसे बात की। सोचा नहीं था कभी कि उनसे बात भी होगी। मैंने सीएम को बताया कि 60 हजार रुपए की कर्ज माफी हुई। अभी धान बेचा तो उसके पैसे से पत्नी के लिए गहना खरीदा। 
यह रायगढ़ की अपराजिता हैं। सीएम से इन्होंने कहा कि महासमुंद मेडिकल कालेज में पहले बैच का स्टुडेंट होना गर्व की बात है। लेकिन सीएम के साथ बात करना भी कोई कम बड़ी बात नहीं है। मुख्यमंत्री खुद ही हमसे मिलने आ गए। 
यह भावना पटेल है। पहली कक्षा में पढ़ती है। इनके पिता रेखचंद ने छत्तीसगढ़ से कहा कि बेटी ने अंगरेजी में बात किया है मुख्यमंत्री से। इस फोटो को सालों बाद भावना के बच्चे देखेंगे। उन्हें भी हमारी तरह भावना पर गर्व होगा। 
फोटो 7 मोक्षदा सागर
यह मोक्षदा सागर हैं। कहती हैं कि सीएम का आशीर्वाद लिया है। इस फोटो को हमेशा अपने पास ही रखूंगी। 
पटेल समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का गजमाला से स्वागत किया। अब यह फोटो समाज की अमानत है। 


अन्य पोस्ट