महासमुन्द

तुमगांव रेलवे क्रासिंग के रास्ते को बंद किए जाने पर संसदीय सचिव ने जताई नाराजगी
17-Dec-2022 2:30 PM
तुमगांव रेलवे क्रासिंग के रास्ते को बंद किए जाने पर संसदीय सचिव ने जताई नाराजगी

कहा-जनता को सहुलियत दिलाने किया जाएगा हरसंभव प्रयास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 दिसंबर।
कल शाम अचानक महासमुंद तुमगांव रेल्वे फ ाटक को बंद कर दिया गया। शहर के लोगों ने समझा कि ओवरब्रिज चालू हो जाने के कारण पुराने रास्ते को बंद कर दिया गया होगा। लोगों में यह भ्रम था कि किसने बंद किया। कुछ लोग कह रहे थे कि विधायक ने बंद करवाया है और कुछ लोग चर्चा कर रहे थे कि पूर्व विधायक ने कराया होगा। बाद में पता चला कि ओवरब्रिज का रास्ता खुलते ही रेलवे ने यह सब काम किया है।

इस संबंध में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया था। कल शाम 6 बजे वर्तमान विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने पूर्व विधायक डॉक्टर विमल चोपड़ा के सानिध्य में रसोई रेस्टॉरेंट महासमुंद में आकस्मिक व प्रमुख बैठक भी रखी। लेकिन इस औपचारिक बैठक में कोई निर्णय नहीं आ पाया। आज समाचार लिखते तक पुराना रास्ता बंद है। यहां से गुजरने वाले गरीब, मजदूर, विद्यार्थी, आसपास रहने वालों के लिए समस्या बनी हुई है।   

संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने रेलवे विभाग द्वारा ओवर ब्रिज के लोकार्पण के बाद रातोंरात तुमगांव रेलवे क्रासिंग के रास्ते को बंद किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि रेलवे विभाग की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शीघ्र ही रेलवे के आला अधिकारियों के चर्चा कर जनता को सहुलियत दिलाने हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

मालूम हो कि गुरूवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में महासमुंद में बहुप्रतिक्षित ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया गया। बाद इसके रातोंरात तुमगांव क्रासिंग के रास्ते को रेलवे विभाग द्वारा बंद कर दिया गया। नतीजन इस रास्ते से आवाजाही बंद हो गई। इस बात की जानकारी मिलने पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के अधीन रेलवे विभाग की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चूंकि ओवर ब्रिज के इस प्रोजेक्ट में रेलवे विभाग द्वारा किसी प्रकार का कोई अंशदान नहीं दिया गया है। बावजूद इसके जनता को परेशान करने की नीयत से उक्त रास्ते को बंद कर दिया गया। जबकि नियमत: इसके लिए नाम्र्स निर्धारित है।
विधायक का कहना है कि उक्त नाम्र्स के तहत अगर रेलवे विभाग और राज्य सरकार से 50-50 प्रतिशत की अंशदान की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने का प्रावधान है।
इसमें भी फार्मलिटी के तहत कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन अचानक क्रासिंग के रास्ते को बंद किए जाना मनमानी का परिचायक है।

संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि केंद्र सरकार वैसे भी छत्तीसगढ़ की जनता को परेशान करने में तुली हुई है। प्रदेश सरकार की राशि से ओवर ब्रिज का निर्माण हुआ है। क्षेत्र की जनता की बहुप्रतिक्षित मांग पूरा होने की बात से केंद्र में काबिज भाजपा सरकार अब मनमानी कर परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अधीन रेलवे विभाग द्वारा रास्ता अवरोध करने के इस कृत्य को लेकर रेलवे के आला अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट