महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल मंगलवार को महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर और ग्राम पिरदा में ग्रामीणों से भेंट मुलाकात की। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने एक नई योजना रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की शुरुआत की है। जिसके तहत हर ब्लॉक में 2 रीपा होंगे। हर रीपा के विकास के लिए 2 करोड़ रुपए दिए गए हैं। उन्होंने अपील की कि राज्य के नौजवान इस योजना का लाभ उठाएं। इस योजना से महिलाएं भी जुड़ी हैं।
उन्होंने बताया कि उत्पादों के विक्रय की व्यवस्था भी की गई है। लोगों की आय बढ़ाने का काम भी किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार काम जारी है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ावा भी दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ी बोलियों की लिपि भी तैयार कर रहे हैं।
कल मुख्यमंत्री ने गोपालपुर में बसना को अनुविभागीय कार्यालय का दर्जा देने, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर के भवन का उन्नयन, ग्राम मेमरा हाईस्कूल का हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन, ग्राम लाखागढ़ से राजा सेवइय्या कला तक सडक़ निर्माण, देवगांव जलाशय नहर जीर्णोद्धार एवं नहर लाईनिंग, पिथौरा नगर पंचायत में गौरव पथ निर्माण, बाघ नदी में एनीकट निर्माण, ग्राम पंचायत भोकलूडीह में नवीन प्राथमिक स्कूल भवन, ग्राम पंचायत के सरपंच को वन अधिकार पत्र के लिए अतिशीघ्र कार्रवाई करने, बसना में बाजार स्थल में चबूतरा शेड का निर्माण की घोषणा की है।