महासमुन्द

खबर का असर: मालवाहक में सवारी ढोने वाले 42 गाडिय़ों पर कार्रवाई
13-Dec-2022 3:47 PM
खबर का असर: मालवाहक में सवारी ढोने वाले 42 गाडिय़ों पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 13 दिसंबर।
‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशित खबर के बाद पिथौरा पुलिस ने मालवाहक वाहन में सवारी ढोने वाले 42 पिकअप, ट्रैक्टर गाडिय़ों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
सोमवार की सुबह से किशनपुर में भारी भीड़ एवम मालवाहकों में ठूंस-ठूंस कर बैठाए यात्रियों से बड़ी दुर्घटना के खतरे की खबर ‘छत्तीसगढ़’ ने प्रकाशन के बाद पिथौरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाम तक 42 मालवाहक पिकअप का चालान कर उनसे समझौता शुल्क वसूल किया।

थाना प्रभारी शिवानन्द तिवारी ने बताया कि किशनपुर रोड पर स्थापित दुकानदारों को भी निर्देशित कर वहां से दुकान हटाया गया। इसके अलावा लिंगराज समिति को नोटिस जारी कर उचित व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि थाना पिथौरा के ग्राम किशनपुर में कथित रूप से अवतरित शिवलिंग के दर्शन हेतु मालवाहक वाहन में सवारी भरकर लगातार वाहन चालक ले जा रहे हैं, जिसके कारण कभी भी गंभीर घटना घटित हो सकती है पूर्व में कई बार उन्हें रोककर समझाइश दिया गया, किंतु उनके कृत्यों में कोई सुधार नहीं हुआ। उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देशानुसार अनुसार 12 दिसंबर को किशनपुर में पिकअप ट्रैक्टर एवं अन्य मालवाहक गाडिय़ों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर समन शुल्क वसूल कर जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त किशनपुर रोड पर लगाए गए ठेले गुमटी को हटाकर रोड व्यवस्था क्लियर किया गया तथा लिंगराज समिति को नोटिस जारी कर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया।

ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व ही पिथौरा के समीप ग्राम टप्पा गुरुद्वारा के पास ग्रामीण यात्रियों से खचाखच भरी एक पिकअप पलट गयी थी जिसमें 10 गंभीर सहित कुल 40 से अधिक महिला बच्चे एवं ग्रामीण घायल हो गए थे। इसके बाद भी स्थानीय पुलिस मूकदर्शक  बनी हुई थी। ‘छत्तीसगढ़’  में खबर प्रकाशन के बाद पुलिस जागी और कार्रवाई प्रारम्भ की।
 


अन्य पोस्ट