महासमुन्द

सूचना आयोग-विभागीय जांच में झूठा बयान, पंचायत सचिव निलंबित
12-Dec-2022 3:10 PM
सूचना आयोग-विभागीय जांच में झूठा बयान, पंचायत सचिव निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 दिसम्बर।
छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में जुर्माना से बचने के लिए और विभागीय जांच में गुमराह करने की नीयत से झूठा बयान देना अतत: जनसूचना अधिकारी को मंहगा पड़ गया। प्रकरण में तूल पकडऩे के बाद मामले में गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद ने सचिव संकीर्तन बरिहा को प्रभाव से तत्काल निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिथौरा जनपद पंचायत के अन्तर्गत ग्राम पंचायत भतकुन्दा में पदस्थ सचिव संकीर्तन बरिहा ने सूचना आयोग में 02 दिसम्बर 2020 को लिखित में बयान दिया कि उसे आवेदक का सूचना आवेदन और प्रथम अपील पारित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। जिस पर आवेदक ने सुनवाई में आपत्ति किया। जिस कारण मुख्य सूचना आयुक्त ने धारा 20(2) के तहत सीईओ जिला पंचायत महासमुन्द को इस प्रकरण का जांच करने का आदेश दिया था।

आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने इस मामले की उच्च स्तरीय अधिकारियों से साक्ष्य सहित लिखित शिकायत की। उच्चाधिकारियों के निर्देश से जनपद पंचायत पिथौरा में जांच हुआ। जांच में शिकायत सही मिली। जांच के दौरान सचिव ने अपने बयान में स्वीकार किया कि उसे प्रथम अपील सूचना पत्र और प्रथम अपील पारित आदेश प्राप्त हुआ है। पावती पंजी में भी उसी का हस्ताक्षर है।  इस पर जांचकर्ता अधिकारी ने 10 फरवरी 2022 को अपने उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया कि सूचना आयोग में झूठा बयान सचिव के द्वारा जानबूझकर दिया गया है। इस कारण सचिव के विरूद्व अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाये। इस मामले में हैरान कर देने वाली बात यह है कि जिला पंचायत महासमुंद से त्रिसदस्यीय दल का गठन कर जब पुन: जांच किया गया तो 22 सितम्बर 2022 के नोटिस के जबाब में सचिव संकीर्तन बरिहा ने पूर्व में दिए लिखित बयान से पूर्णतया ही मुकर करके अब जनपद पंचायत के बाबू पर ही आरोप मढ दिया। उसने आरोप लगाया कि तिवारी बाबू ने बाद में उससे पंजी में हस्ताक्षर कराया है।

मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेकर एस. आलोक सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने अपने कर्तव्यों का दायित्व का निर्वहन उचित ढंग से नहीं करने व कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता, लापरवाही, स्वेच्छाचारिता, एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना की श्रेणी में मानते हुए छ.ग. पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के विपरीत कृत्य के लिए संकीर्तन बरिहा सचिव ग्राम पंचायत भतकुन्दा को 09 दिसम्बर को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में सचिव का मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत पिथौरा में होगा। उक्त अवधि में सचिव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
 


अन्य पोस्ट