महासमुन्द

मकान बेचने के एवज में दिव्यांग महिला से वसूली के आरोप
11-Dec-2022 7:29 PM
मकान बेचने के एवज में दिव्यांग महिला से वसूली के आरोप

सरपंच ने पैसे लेना कबूला, वापसी की बात भी कही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 11 दिसंबर। बरेकेल में एक दिव्यांग महिला से मकान बेचने के एवज में सरपंच द्वारा धमका कर 20 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीडि़ता अब न्याय के लिए दर दर भटक रही है। दूसरी ओर सरपंच ने दिव्यांग महिला से 20 हजार लेने की बात कबूल की, परन्तु बाद में उससे ली गयी रिश्वत वापस करने की बात भी कही है।

पूर्व में बरेकेल निवासी दिव्यांग अमरीका बाई 5 वर्ष पूर्व पति की मौत के बाद अपनी पुत्री के साथ अकेले ही बरेकेल ग्राम में रहती थी। बेटी की शादी के बाद घर में अकेले ही रहती थी।

अमरीका के अनुसार उसके दिव्यांग होने के कारण ग्रामीण उसे लगातार परेशान करते रहते थे, जिससे वह तंग आ चुकी थी। कुछ ग्रामीणों की हरकत से परेशान अमरीका ने अपना घर सेवैया के एक ग्रामीण के पास बेच दिया और विकासखण्ड के दूरस्थ ग्राम धर्मपुर में अपने भाई के यहां रहने लगी है।

अमरीका के मकान बेचते ही ग्राम सरपंच अमरीका को प्रतिदिन धमकाता था कि उसने सरकारी आवास बेच दिया है अब जेल जाना पड़ेगा।

सरपंच की धमकी से अमरीका भयभीत होकर सरपंच को 20 हजार रुपये की रिश्वत देकर मामला तत्कालीन रूप से सुलझा लिया। इसके बाद सरपंच द्वारा उसका मकान खरीदने वाले सेवैया निवासी रामनाथ यादव को भी धमकाया और उससे 30 हजार रुपये ले लिए। इसकी शिकायत अमरीका बाई लगातार अफसरों एवं नेताओं से करती रही। अभी भी उसकी शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में 20.9.2022 टोकन क्रमांक 2120222001395 में दर्ज है, परन्तु इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे दिव्यांग अमरीका न्याय के लिए दर दर भटकती दिख रही है।

पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध

पिथौरा पुलिस की भूमिका भी इस मामले में संदिग्ध बनी हुई है। दिव्यांग अमरीका ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक तक शिकायत की है। जिस पर तात्कालिक पिथौरा थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर द्वारा अजब गजब निर्णय लेते हुए मकान खरीदार को सरपंच से 20 हजार वापस करवाये और दिव्यांग अमरीका को पुलिस हस्तक्षेप अयोग्य मामला करार कर उसे न्यायालय की शरण में जाने की सलाह देते हुए धारा 155 का फैना काट कर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट