महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 दिसम्बर। साहित्य समिति महासमुंद इकाई द्वारा 4 दिसम्बर रविवार को जय मां खल्लारी मंदिर परिसर कोडार बांध तुमगांव में छत्तीसगढ़ के ख्यातिनाम साहित्यकार द्वय रामेश्वर वैष्णव एवं डॉ. जीवन यदु राही का सम्मान समारोह व कविता पाठ का आयोजन किया गया।
अतिथियों ने राजगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. डी.पी. देशमुख संपादक व प्रदेश अध्यक्ष कला परंपरा-कला बिरादरी भिलाई ने कहा कि राष्ट्रीय ख्याति नाम साहित्यकारों का सम्मान करना हम सब के लिए बड़े गौरव की बात है। छत्तीसगढ़ी साहित्य समिति महासमुंद इकाई का यह आयोजन निश्चित ही इन मूर्धन्य साहित्यकारों के प्रति सम्मान के भाव को अभिव्यक्त करता है जो काफी सराहनीय है।
अध्यक्षता कर रहे समिति के संरक्षक दाऊलाल चंद्राकर ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में जो भूमिका देश के कवि व साहित्यकारों की रही वही भूमिका छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलन में छत्तीसगढ़ के कवियों की रही। जो पद्मश्री पंडित श्यामलाल चतुर्वेदी, दानेश्वर शर्मा, संत कवि पवन दीवान, लक्ष्मण मस्तुरिहा के साथ ही पंडित सुन्दरलाल शर्मा अलंकरण से सम्मानित रामेश्वर वैष्णव एवं लाला जगदलपुरी अलंकरण से सम्मानित डा. जीवन यदु राही जी की कविताओं में स्पष्ट महसूस किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि साहित्यकार रामेश्वर शर्मा ने कहा कि रामेश्वर वैष्णव व जीवन यदु दीर्घकालिक कवि हैं। कविद्वय ने साहित्य-सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया है। सन् 1970 से निरंतर हिन्दी व छत्तीसगढ़ी में लिख रहे हैं। समिति के संरक्षक दाऊलाल चन्द्राकर के मार्गदर्शन एवं जिला अध्यक्ष बन्धु राजेश्वर खरे का सद्प्रयास व सदिच्छा में ऐसे महान् साहित्य मनीषियों का सम्मान किया जाना काबिले तारीफ है। कहां पाबोन अपन रामराज, इहांं झपटे परेवा ला बाज, दाई-ददा के सुध बिसरायेन, भाई भाई ला नई चिन्हय देखो, बिलई सही मुसवा देखो पंक्ति के साथ अपनी बात रखी।
विशेष अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने मातत हे मऊहा, बाजत हे मोहरी, अंगना मं ठाढ़े हे रूखवा, मोर मन ला भरमाथे पंक्ति कवि द्वय के सम्मान में प्रस्तुत की। युवा कवि संजय शर्मा कबीर ने कहा कि साहित्य को समझना बोलना बहुत कठिन है लेकिन साहित्यकारों की बदौलत मैं इस मुकाम पर पहुंचा हूं। कवियों के सम्मान में उन्होंने आये तो बैठें कुछ पल, फिर जाना और कहीं। यह सराय बहुत बड़ा है पढ़ी।
दो चरणों मे आयोजित इस कार्यक्रम में प्रथम चरण में प्रदेश के कवि रामेश्वर वैष्णव रायपुर व जीवन यदु राही खैरागढ़ के साथ मंचस्थ सभी अतिथियों का उपरना,श्रीफल,स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। समिति के अध्यक्ष बंधु राजेश्वर खरे ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हए उपस्थित कवियों का पुष्पहार से स्वागत किया। प्रांतीय सह सचिव डॉ. राजकुमार टण्डन ने कविद्वय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर सविस्तार प्रकाश डाला।
द्वितीय चरण में कविता पाठ की शुरुआत प्रसिद्ध व्यंग्यकार, गीतकार रामेश्वर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में प्रसिद्ध गीत कोन जनी काये पाप करे रेहेन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। आगे उन्होंने अपनी हास्य काव्य पंक्तियों का पाठ करते हुए दर्शकों को हंसने के लिए मजबूर कर दिया। गीतकार डा. जीवन यदु राही के गीतों ने काव्य गोष्ठी को गरिमा प्रदान की। कवि बंधु राजेश्वर खरे ने करनी दिखे मरनी के बेर प्रस्तुत किया। कवि देवनारायण साहू सुहाना ने देख तो रायपुर के कैसे हाल होगे काफी सराही गई।
इस अवसर पर कवियित्री सरोज साव, जितेश्वरी साहू, संतोष गुप्ता ने अपने काव्य पंक्तियों के माध्यम से जंगली जानवरों के हमले से पीडि़तों को आव्हान किया। हबीब समर ने भगवान शंकर का भजन एवं शानदार गीत प्रस्तुत किया। विधि सलाहकार अधिवक्ता सुनील शुक्ला, नवोदित कवि प्रफुल्ल त्रिपाठी,संतोष गुप्ता ने भी अपनी कविताएं प्रस्तुत की। राजकुमार टंडन ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तुलसा देवी यदु,नीता देशमुख, अभिकल्प यदु,यशवंत चौधरी,पुष्पांजलि चौधरी,आर्यन,अयांश की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। आयोजन को सफल बनाने में अमित हिशीकर, नरेश साहू, कीर्ति पांडेय, देवनाथ पटेल, दिनेश निर्मलकर,देवेंद्र धीवर, प्रीतम विश्वकर्मा, मंदिर समिति के अध्यक्ष दाऊ किशोर चन्द्राकर, पुजारी दूबे जी टेकन ध्रुव, चिंतामणि साहू, जनकराम साहू आदि का अमूल्य योगदान रहा।