महासमुन्द
सप्लाई हो गई है और औषधालयोंं में जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी -अफसर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22 नवंबर। महासमुंद जिले के लगभग सभी आयुर्वेद औषधालयों में बीते एक माह से दवाइयों की कमी चल रही है। यहां से मरीज आधी-अधूरी दवाइयां लेकर वापस घरों को लौट रहे हैं। मरीजों को यहां दवा नहीं मिलने से उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। इस मामले में आयुर्वेद विभाग के अफसरों का कहना है कि दवाईयों की मांग के बाद सप्लाई न होने से यह समस्या निर्मित हुई है। इसे जल्द ही दूर कर ली जाएगी।
मालूम हो कि जिले में 36 आयुष औषधालय और एक पाली क्लीनिक के साथ एक आयुष विंग अस्पताल संचालित है। जहां करीब पिछले एक माह से दवाईयों की कमी चल रही है।अत: मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ मरीजों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अस्पताल में दवा न मिलने से बाहर से दवा खरीदनी पड़ी है। जानकारी के मुताबिक उपरोक्त दवाएं पिछले माह से उपलब्ध नहीं हैं।
मरीजों की मानें तो आयुर्वेद अस्पतालों में योगराज गुग्गुल, महानारायणा तेल, सिंहवार गुग्गुल, शतावरी चूर्ण, अश्वगंधा चूर्ण, हिंग्वाष्टक चूर्ण, लवण भास्कर चूर्ण, अश्वगंधारिष्ट, अर्जुनारिष्ट और अर्जुन चूर्ण आदि उपलब्ध नहीं है। सूत्रों के अुनसार यह ऐसी दवाईयां है जो प्रत्येक 10 में से 5-7 मरीजों को दी जाती है। पर अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने से उन्हें ये दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही है।
जिला आयुर्वेद अधिकारी विजय साहू ने बताया कि दवाईयों की सप्लाई के लिए मांग पत्र भेजा गया था, जिसकी समय पर सप्लाई न होने से यह समस्या निर्मित हुई है। फिलहाल सप्लाई हो गई है और औषधालयोंं में यह जल्द उपलब्ध करा दी जाएंगी।