महासमुन्द

मध्यान्ह भोजन में परोसा जा रहा पोषक तत्वों से भरपूर फोर्टिफाईड चावल
22-Nov-2022 3:16 PM
मध्यान्ह भोजन में परोसा जा रहा पोषक तत्वों से भरपूर फोर्टिफाईड चावल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवंबर।
सरकारी स्कूलों में बच्चों की अच्छी सेहत के लिए फोर्टिफाईड चावल परोसा जा रहा है। पोषक तत्वों से भरपूर फोर्टिफाईड चावल से बच्चों का मध्यान्ह भोजन बन रहा है। इसके अलावा पूरक पोषण आहार योजना एवं पीडीएस के अन्तर्गत के लिए भी इसी चावल का आबंटन राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। यह चावल सामान्य चावल की तरह होता है। लेकिन इसमें आयरन फोलिक एसिड, विटामिन बी 12 और जिंक प्रचूर मात्रा में होता है। 

फोर्टिफाईड चावल की इन खूबियों और पौष्टिकता देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के  तहत आकांक्षी और उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में वितरित किया जा रहा है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा मध्यान्ह  भोजन तथा पूरक पोषण आहार योजना के तहत अक्टूबर 2022 से प्रदेश के जिलों के साथ-साथ महासमुंद जिले में भी मध्यान्ह भोजन योजना के तहत प्राथमिक एवं मिडिल कक्षाओं के शालाओं में एवं महिला बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी केंद्रों में फोर्टिफाईड चावल प्रदाय किया जा रहा है। 

महासमुंद जिले के कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने इसके व्यापक प्रचार प्रसार और जागरूकता के निर्देश दिए हंै।  उनकीअपील पर मौजूदा व्यस्त दिनचर्या में भी लोग दैनिक खान-पान में स्वाद के साथ स्वास्थ्यवर्धक भोजन को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। उस तरह रोजमर्रा की पंसद के चावल का अधिक गुणवत्ता एवं पौष्टिकता भरा विकल्प अब फोर्टिफाईड  चावल के रूप में लोगों को मिल रहा है।

 


अन्य पोस्ट