महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 17 नवंबर। ब्लॉक मुख्यालय से मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत बैतारी के हरिजन मोहल्ला में पेयजल और कीचड़ की समस्या से लोगों को तो निजात मिल गई है, लेकिन मोहल्ले के मुख्य गली में लगा पानी टैंक से ओवरफ्लो होकर निकलने वाले पानी मोहल्ले की बस्ती में नियमित बहते रहती है,नाली के अभाव में लगातार पानी का बहाव के कारण काई जम गया है,जिससे लोग फिसल कर गिर रहे और घायल हो रहे हैं। मोहल्ले वासियों को नाली के अभाव में गली में बहने वाले पानी से हमेशा खतरा बना हुआ है।
बैतारी के हरिजन मोहल्ला के निवासी जयदेव मुन्ना,जय लाल कुम्हार, राम लाल सागर, बाबूलाल कुम्हार,रवि शंकर नंद,दिनेश ताण्डी,प्रेमलाल ताण्डी, रंजीत कुम्हार, घासीराम कंद, वीरेंद्र सुरजाल,सरोज सागर,रघुनाथ सागर, अरविंद कुमार,सुरेंद्र नंद, श्रीमती कुम्हार प्रभाती सुरजाल,विमला सागर,किशोरी सागर,शांति सागर, सुभाषिनी सागर,दुर्गा सागर,पद्मिनी सुरजाल आदि लोगों ने बताया लगभग 5 वर्ष पूर्व मोहल्ले में लगभग सवा 3 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण हुआ है, लेकिन नाली निर्माण नहीं होने के कारण मोहल्ले में लगाए पानी टैंकर के अतिरिक्त पानी के बहाव से पूरे गली में लगातार पानी बहने से काई जम गया है,जिससे फिसलन बना रहता है और पानी लाने ले जाने,मोहल्ले में गुजरने वाले,स्कूल जाने वाले स्कूली बच्चे सभी को उक्त काई से फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है, कई दफे तो बुजुर्ग महिलाएं काई से फिसल कर गिर भी चुके हैं, सबसे अधिक छोटे बच्चों को खतरा है पानी में खेलते-खेलते काई के फिसलन से न गिर जाये।
मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि जिस समय सीसी रोड का निर्माण हो रहा था,उसी समय उनके द्वारा नाली निर्माण करने की मांग की गई थी, लेकिन मोहल्लेवासियों की एकजुटता ना होने व निर्माण एजेंसी की मनमानी के चलते बिना नाली निर्माण के ही सीसी रोड बना दिया गया, जिसका खामियाजा मोहल्लेवासी अब भुगत रहे हैं, मोहल्ले वासियों को अतिरिक्त बह रहे पानी से होने वाले फिसलन से बचाने के लिए पंचायत तत्कालिक सुविधा के रुप में बड़े पानी टंकी का निर्माण करे या बड़े पानी टंकी बिठाया जाए, जो पानी टंकी लगा है उससे पूरे मोहल्ले का प्यास बुझाना संभव नहीं है इसलिए बोर को चालू रख कर पानी लेते हैं, सीसी रोड निर्माण कर भी मोहल्लेवासियों की समस्या को हल किया जा सकता है,या पानी टंकी को गली में ना रखकर गली के बाहर रखने से भी समस्या का हल हो जाएगा।
मोहल्ले वासियों ने शासन से मांग किया है कि वैकल्पिक तौर पर तो पानी टंकी अन्य स्थान पर रखने से तत्कालीन हल हो जाएगी लेकिन स्थाई समस्या का निराकरण के लिए नाली निर्माण अति आवश्यक है,मोहल्ले के निवासियों के हित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र नाली निर्माण किए जाने की मांग की है। क्योंकि बरसात के दिनों में उन्हें नाली के अभाव में भारी परेशानी होगी।
मोहल्ले वासियों की समस्या का जल्द किया जाएगा निराकरण-सरपंच इस संबंध में ग्राम पंचायत बैतारी के सरपंच वासुदेव मांझी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कल मोहल्ले वासियों से मैंने मुलाकात किया है,उन्होंने समस्या बताये है मोहल्ले वासियों के हित को ध्यान में रखते हुए उनके सुविधानुसार जल्द ही व्यवस्था किया जाएगा,जिससे लोगों को गली में बह रहे पानी से बने काई के फिसलन से छुटकारा मिल जाएगा।