महासमुन्द

मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना
17-Nov-2022 4:28 PM
मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना

मरीजों को मिल रही त्वरित-आधारभूत स्वास्थ्य सुविधाएं
अब तक 2 लाख से ज्यादा पीडि़त लोगों की जांच-उपचार हुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 नवंबर।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के तहत् महासमुंद सहित विकासखण्ड बागबाहरा, बसना, सरायपाली और पिथौरा में हर हफ्ते लगने वाली हाट-बाजार में क्लीनिक स्वास्थ्य शिविर में जांच और इलाज की सुविधा मुहैया कराया जा रहा है। वहीं मरीजों को त्वरित रूप से आधारभूत स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है। 

महासमुंद जिले में अब तक 84 हाट बाजारों में 2420 चिकित्सक दल पहुंचे और इन हाट बाजारों में अब तक 2 लाख, 3 हजार 225 लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण कर उनको दवाईयां दी गयी। इन साप्ताहिक हाट बाजारों में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजनांतर्गत स्वास्थ्य शिविर लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य स्वास्थ्य लाभ पहुंचाना, गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, प्रसव पूर्व संपूर्ण जांच एवं पूर्ण टीकाकरण सहित बीपी, शुगर, मलेरिया, जांच कीट के माध्यम सेपैथालाजी जांच, नेत्र जांच, जागरूकता के अभाव में होने वाले अकाल मृत्यु को रोकना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना,  कुपोषण दर कम करना आदि है। 

महासमुंद विकासखंड सहित सभी बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली में लगने वाली हाट बाजारों में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक शिविर का संचालन किया जा रहा है। साप्ताहिक हाट बाजारों में चिकित्सक, पैरा मेडिकल टीम के द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर स्वास्थ्य उपचार कर रहे हैं। 

इस योजना से ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ हो इसके लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर नुक्कड़ नाटक, कला के माध्यम से स्थानीय भाषाओं में शिविर के बारे में लोगों को जानकारी देकर जन जागरूकता निर्मित की जाती है। कोरोना काल के चलते चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मी इस महामारी से लोगों के स्वास्थ्य रक्षा में लगे होने एवं लॉकडाउन के कारण इस योजना पर भी असर पड़ा। 

जिले में लगाये जा रहे हाट-बाजार में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में मलेरिया, फाइलेरिया, टीबी, डायरिया, कुपोषण, एनीमिया, सिकलसेल, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज के साथ ही गर्भवती महिलाओं के ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन के अलावा गर्भधारण परीक्षण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चर्म रोग और एचआईव्ही की भी जांच की जा रही है। जिले में 66 हजार 447 लोगों की जांच ब्लड प्रेसर और 63 हजार 284 डायबिटीज मधुमेह की जांच हुई है। संबंधितों को जरूरी दवाइयां नि:शुल्क दी गई। 

 


अन्य पोस्ट