महासमुन्द

ठेका पद्धति समाप्त करने प्लसमेंट कर्मचारियों ने सौंपा मंत्री डॉ. डहरिया को ज्ञापन
17-Nov-2022 2:27 PM
ठेका पद्धति समाप्त करने प्लसमेंट कर्मचारियों ने सौंपा मंत्री डॉ. डहरिया को ज्ञापन

नियमितिकरण, ठेका समाप्त करने की मांग को लेकर 27 को रायपुर में देंगे धरना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 नवंबर।
नगर पालिका प्लेसमेंट कर्मचारी संघ ने मंगलवार को नगरीय प्रशासन विकास विभाग मंत्री डॉ. शिव डहरिया के नगर आगमन के दौरान एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें संघ ने मांग की है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में पूर्व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भाजपा शासन काल के समय वर्ष 2012 में बिना सहमति के ठेका प्रथा और आऊट सोर्सिंग प्रारंभ कर्मचारियों के साथ खिलवाड़ किया गया। यह ठेका प्रथा आज पर्यन्त चला आ रहा है, इसे बंद किया जाए। 

गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद महासमुंद में कुल 157 प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत हैं। जिसमें से कई कर्मचारी 20-22 वर्षों से भी अधिक समय से मूलभूल कार्यों के साथ.साथ शासन के विभिन्न योजनाओं सहित परियोजनाओं में शत.प्रतिशत सेवा देते आ रहे हैं। ठेका प्रथा से थर्ड पार्टी को दिये जाने वाले कमीशन से शासन को प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपए का अनावश्यक भार वहन करना पड़ता है।

इनकी मांग है कि ठेका प्रथा को समाप्त कर प्लेसमेंट कर्मचारियों को पुन: दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के रूप में निकाय माध्यम से भुगतान किया जाए। इनकी मांगों पर मंत्री डॉ.डहरिया ने स्पष्ट कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों का नियमितिकरण नहीं हो सकता। अब उक्त मांगों को कांग्रेस सरकार तक पहुंचाने के लिए 27 नवंबर 2022 को छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के अव्हान पर राजधानी रायपुर में एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय धरना.प्रर्दशन करेंगे। उक्त धरना प्रदर्शन में महासमुंद नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारी भी शामिल होंगे।


अन्य पोस्ट