महासमुन्द

फुटपाथ व्यवसायियों का व्यवस्थापन जल्द
12-Nov-2022 6:33 PM
फुटपाथ व्यवसायियों का व्यवस्थापन जल्द

नपाध्यक्ष ने कारोबारियों के साथ की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 12 नवंबर। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग की अध्यक्षता में हुई बैठक में जल्द ही टाऊन हॉल के सामने पुन: लॉटरी पद्धति से 148 फुटपाथ व्यवसायियों को नये सीरे से दुकानों का लेआट देने का निर्णय लिया गया है।

अध्यक्ष सभाकक्ष में कल शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग की अध्यक्षता में फुटपाथ व्यवसायियों की बैठक हुई।

इस बैठक में नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने फुटपाथ व्यवसायियों को जमीन से जुड़ी मामले की जानकारी साझा करते हुए बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार के सामने करीब डेढ़ साल पहले 148 लोगों को स्थल आबंटित किया गया था। उस दौरान उस स्थान पर सिर्फ फुटपाथ व्यवसायियों को व्यवस्थापन दिया जाना था। लेकिन उसके कुछ ही समय बाद उक्त स्थान पर छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पौनी पसार योजना के लिए चिन्हित किया गया।

नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने फुटपाथ व्यवसायियों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही टाऊन हॉल के सामने पुन: लॉटरी पद्धति और नये सीरे से लेआट देकर स्थल का आबंटन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को पूरा करते ही सभी को प्रीमियम की शेष राशि 5 हजार रुपए जमा करना होगा। तभी निर्माण की अनुमति दी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने पहले ही प्रीमियम के दोनों किश्त 10 हजार रुपए जमा कर दिया है उन्हें लेआट के बाद तत्काल निर्माण की अनुमति दी जाएगी। दुकान का निर्माण सभी को स्वयं के व्यय पर करना होगा।  नगर पालिका द्वारा निर्धारित किराया 150 रुपए प्रति देना होगा। इस अवसर पर समस्त राजस्व अमला मौजूद थे।


अन्य पोस्ट