महासमुन्द
अब तक चालू नहीं हुई है लाइट, हर माह मिल रहा बिजली बिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 10 नवंबर। समीपस्थ ग्राम केजुवां के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक बी में लगा मीटर लटक रहा है और खतरे को आमंत्रित कर रही है, नन्हे-मुन्ने बच्चों के आंगनबाड़ी भवन के मुख्य द्वार में करंट प्रवाहित मीटर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, पालक और छोटे बच्चों को खतरा बना हुआ है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है, यह भी जानकारी मिल रही है कि जब से मीटर लगी है, तब से अभी तक भवन में लाइट चालू नहीं है, जबकि भवन के अंदर वायरिंग हो चुकी है। बावजूद प्रतिमाह बिजली बिल बराबर आंगनबाड़ी भवन पहुंच रही है।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत केजुवां के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक बी में लगभग 10 वर्ष पूर्व विद्युत कनेक्शन दिया गया है, पोल से मीटर तक तो कनेक्शन आया है,लेकिन भवन के अंदर न तो लाइट और न ही पंखा मीटर लगने के बाद से अभी तक चालू हुई है, आंगनवाड़ी भवन के बाहर लगे मीटर हवा में झूल रहा है जो एक तरह से खतरे को आमंत्रित कर रही है तो वहीं दूसरी ओर मीटर से अंदर अभी तक लाइट सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। मीटर में खराबी है या अंदर की वायरिंग में यह तो जांच का विषय है? लेकिन वहां के छोटे-छोटे बच्चों को अभी तक पंखा के हवा तक नसीब नहीं हुआ है, जबकि आंगनबाड़ी भवन में पंखा भी लगा है, अभी तक न तो एक बार भी लाइट चालू हुई है और नहीं पंखा चला है,बावजूद प्रतिमाह बिजली बिल बराबर आंगनबाड़ी भवन पहुंच रही है।
कनेक्शन लगने के 10 वर्ष बाद भी बिना विद्युत उपयोग किए प्रतिमाह बिजली बिल पहुंचना व बिजली का भुगतान होना, कई संदेहों को जन्म देती है।
बिजली विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास के नाम पर बीपी नंबर 1006476137 का अगस्त माह का 630 का बिजली बिल थमाया गया है, लाइट के अभाव में आंगनबाड़ी भवन में लगे पंखा बल्ब केवल शो-पीस बनकर रह गए हैं, जिसका लाभ वहां पर केंद्र पहुंचने वाले बच्चों को नहीं मिल रहा है। गर्मी के दिनों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्चों को भरी गर्मी में आंगनबाड़ी खोलने व अध्यापन कार्य करवाने में विद्युत सप्लाई के अभाव में भारी परेशानियों का भी सामना भी करना पड़ता है। लेकिन विभागीय अधिकारी मौन हैं।
इस संबंध में केजुवां आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक बी के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री भोई ने बताया कि जब से मीटर उनके आंगनबाड़ी केंद्र में लगी है,तब से अभी तक एक बार भी बिजली चालू नहीं हुआ है, लेकिन आंगनबाड़ी भवन खोलने के पूर्व बिल प्रतिमाह उनके आंगनबाड़ी केंद्र पहुंच जाया रहता है, आंगनबाड़ी में विद्युत सप्लाई न होने की जानकारी उनके द्वारा उनके उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित रूप से अवगत कराई गई है, लेकिन विद्युत सप्लाई अभी तक आंगनबाड़ी केंद्र में चालू नहीं हुआ है।