महासमुन्द
महासमुंद, 9 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मंगलवार को पूरी आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु तालाब में स्नान कर दीपदान करने पहुंचे। वहीं सिक्ख समाज द्वारा धर्म के संस्थापक गुरूनानक देव जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ प्रकाश पर्व के रूप में मनाई। प्रकाश पर्व को लेकर सुबह से ही गुरुद्वारे में भजन कीर्तन और अटूट लंगर का आयोजन किया गया। इसमें पूरे क्षेत्र से लोगों ने भागीदारी निभाई। दिनभर लोग गुरुद्वारे में मत्था टेक कर आशीर्वाद लेते रहे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह ग्रहण का सूतक लगने से पूर्व श्रद्धालुओं ने गांव के सरोंवरों व नदियों में पुण्य स्नान किया और विधि विधान से पूजा अर्चना कर दीप दान किया। इसे लेकर श्रद्धालुओं में जमकर उत्साह नजर आया। खासकर महिलाओं ने महासमुंद के महामाया तालाब में दीपदान किया। हालांकि सूतक और ग्रहण के कारण आंवला भोज और पिकनिक का आयोजन कम ही हुआ। गुरुनानक देव जी के 553वें प्रकाश पर्व के अवसर पर महासमुंद रेलवे स्थित गुरुद्वारा गुरू तेग बहादुर सिंह सभा में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते रहे। इसमें जनप्रतिधि भी शामिल रहे।
सभी ने मत्था टेक क्षेत्र की खुशहाली की कामना की साथ ही अटूट लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।