महासमुन्द
दुर्घटना या साजिश, पीएम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
'छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद,8 नवंबर। पति के साथ देवी दर्शन के लिए खल्लारी माता के मंदिर पहुंची महिला की सोमवार को पहाड़ी से 20 फ ीट नीचे गिरकर मौत हो गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची खल्लारी थाने की पुलिस ने घटना की जांच की और पंचनामे के बाद मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला हॉस्पिटल भेज दिया। इस मामले की जांच जारी है। इस मौत पर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत पर खुलासे की उम्मीद है।
खल्लारी थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के मुताबिक चित्रलेखा चक्रधारी पति सोनू चक्रधारी 25 साल का मायका रावाभांठा महासमुंद और ससुराल परसदा छुरा में है। चित्रलेखा कल सोमवार को पति के साथ अपने मायके रावाभांठा महासमुंद से खल्लारी माता के मंदिर दर्शन के लिए गई थी।
दर्शन के बाद वह फ ोटो खिंचा रही थी कि इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह पहाड़ी से 20 फीट नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने और नीचे पत्थरों से टकराने की वजह से उसे सिर में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जांच पंचनामा के बाद मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला हॉस्पिटल भेज दिया गया।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच को गति दी जाएगी। इसके बाद ही मौत दुर्घटना है या साजिश यह स्पष्ट हो जाएगा।