महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 8 नवंबर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का शासन द्वारा 85 लोगों का एक साथ स्थानांतरण सूची जारी की गई थी, जिसमें सरायपाली जनपद पंचायत से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के एक उप अभियंता भी शामिल था, लेकिन स्थानांतरण आदेश जारी होने के 1 माह पश्चात भी अभी तक उक्त अभियंता के द्वारा नये स्थान पर पदभार ग्रहण नहीं किया गया है, और नहीं उसे अभी तक कार्यमुक्त किया गया है जबकि शासन के निर्देश अनुरूप स्थानांतरण नीति के तहत अगर निर्धारित समय अवधि पश्चात नवीन स्थान पर पदभार ग्रहण नहीं करते हैं तो एकपक्षीय भार मुक्त किया जाना है लेकिन शासन के इस निर्देश का पालन नहीं हो रहा है।
जानकारी अनुसार अपर सचिव छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा 30 सितंबर को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत पदस्थ कर्मचारियों का स्थानांतरण सूची जारी किया गया, जिसमें सरायपाली जनपद पंचायत में उप अभियंता के पद पर पदस्थ सुशांत त्रिपाठी का भी नाम शामिल था, जिन्हें जिला पंचायत कांकेर स्थानांतरित किया गया है, लेकिन सुशांत त्रिपाठी के द्वारा आज पर्यंत तक पदभार नहीं सौंपा है और नहीं नए स्थान पर पदभार ग्रहण नहीं किया गया है।
जबकि संयुक्त संचालक पंचायत संचानालय से छत्तीसगढ़ के सभी जिले के कलेक्टर,मुख्य कार्यपालन अधिकारी,उपसंचालक को आदेशित किया गया है कि एक निर्धारित समय पश्चात स्थानांतरण नीति 2022 के तहत पंचायत संचनालय छत्तीसगढ़ के अधीन जिले में पदस्थ कार्यरत,अधिकारी कर्मचारी नवीन पदस्थापना कार्यालय भार मुक्त नहीं होता है,तो उन्हें एक पक्षीय भार मुक्त किया जाय।
स्थानांतरित कर्मचारियों का जिला स्तर पर किसी प्रकार की कोई अवकाश स्वीकृत न करने, भार मुक्त तिथि पश्चात यदि उनके द्वारा नियत अवधि में नवीन पदस्थापना स्थान में कार्य पर उपस्थित नहीं होने पर उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए अनुपस्थित अवधि को ब्रेक इन सर्विस मानकर एक पक्षीय कार्रवाई करने को कहा है,लेकिन शासन के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए उन्हें भार मुक्त नहीं किया जा रहा है। इसकी कर्मचारियों के बीच खूब चर्चा है।