महासमुन्द

हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास
08-Nov-2022 2:32 PM
हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास

मामला सिंघोडा थाना क्षेत्र के बेलटिकरी का

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 8 नवंबर।
सिंघोंड़ा थाना अंतर्गत ग्राम बेलटकरी में विगत 3 वर्ष पूर्व दुखनाशन नामक व्यक्ति के द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही नरेश सेठ नामक व्यक्ति के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी, हत्या के आरोप में पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया था,जिसे  7 नवंबर को न्यायालय के द्वारा हत्या का दोषीसिध्द होने पर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।

अतिरिक्त लोक अभियोजक आर एल पटेल ने बताया कि 7 जून 2019 को सिंघोड़ा थाना के ग्राम बेलटिकरी में दुखनाशन बरिहा (27) के द्वारा आपसी रंजिश को लेकर गांव के नरेश सेठ के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार कर हत्या कर दिया था। जिस पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सरायपाली शोभना कोष्टा के द्वारा आरोपी दुखनाशन बरिहा के द्वारा किये गये कृत्य में हत्या की पुष्टि होने पर 7 नवम्बर को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा एवं अर्थदंड से दंडित किया गया है एवं दुखनाशन के द्वारा सावित्री व पंकज सेठ को स्वेच्छया उपहति करने के लिए धारा 323 के तहत छ:- छ: माह के सश्रम कारावास से दंडित किया गया है।
अर्थदंड की राशि अदा न करने पर अभियुक्त को एक माह की अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सभी सजाएं एक साथ चलेगी।

दरअसल  घटना विगत 7 जून 2019 की है। सिंघोड़ा थाना के ग्राम बेलटिकरी निवासी नरेश सेठ, अपनी पत्नी सावित्री, पुत्र पंकज के साथ गांव के स्कूल के पास खड़ा था, तभी गांव के ही दुखनाशन बरिहा (27) नरेश, उसके परिवार को  गाली-गलौज करते हुए कहा कि हमेशा तू लड़ाई झगड़ा करता है,आज तुझे नहीं छोडूंगा जान से मार दूंगा कहते हुए हाथ में रखे लकड़ी के डंडे से नरेश के सिर पर वार किया, जब उसकी पत्नी बीच बचाओ की तो उसे भी डंडे से पिटाई की गांव के अन्य लोगों के द्वारा छुड़ाने के लिए पहुंचे तो आरोपी भाग खड़ा हुआ।

सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नरेश सेठ की अस्पताल में मौत हो गई। नरेश के पुत्र पंकज कोर्ट में बयान दिया कि क्रिकेट खेलते समय आउट होने की बात पर और पुरानी रंजिश को लेकर उनका झगड़ा शुरू हुआ था आरोपी द्वारा पंकज को भी क्रिकेट बैट से पीटा गया,बाद में उसके पिताजी को डंडा से वार कर हत्या कर दी। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ धारा 294,323,506 के तहत मामला पंजीबद्ध किया था।
 


अन्य पोस्ट