महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 नवंबर। व्यसन मुक्त जीवन, स्वस्थ जीवन का आधार जैसे उद्देश्यों को लेकर पूर्व क्रेडा अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा और युवा मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी पीयूष पुरंदर मिश्रा का नशा मुक्ति अंत्योदय जन जागरण पदयात्रा कल समाप्त हुई। पिछले 25 सालों से सरायपाली व बसना विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा जारी है। इस वर्ष भी 1 नवंबर से 6 नवंबर तक यह पदयात्रा चलाई गई। कल समापन के दौरान ग्राम परसवानी सांकरा हाई स्कूल में एक समारोह हुआ जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सहित संगठन मंत्री पवन साय, सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित कई भाजपा नेताओं व कार्यकार्याओं ने शिरकत की।
डॉ रमन सिंह ने इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राहुल गांधी कभी पदयात्रा में बच्चों के साथ दौड़-दौड़ कर फुटबॉल खेल रहे हैं, तो कभी बच्चों के साथ घूमते नजर आ रहे हैं। कोई गंभीर मुद्दा को यदि देश का उछाले, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय हो, तो वह विषय बनता है कि किसी बड़े उद्देश्य को लेकर वे पदयात्रा पर निकले हो। कांग्रेस की पूरी पार्टी विखंडित होते जा रही है और वे पदयात्रा पर निकले हैं। ऐसे में वे किसको जोडऩा चाह रहे हैं हमारे समझ से परे है। डॉ रमन सिंह ने यह भी कहा कि जिसकी पार्टी खुद टुकड़े-टुकड़े में बंटते जा रही है वह पदयात्रा करके जनता के बीच जाकर क्या संदेश देंगे।
डॉ रमन सिंह ने प्रदेश में शराबबंदी को लेकर कहा कि हमारी योजनाओं में क्रमबद्ध तरीके से शराबबंदी शामिल था। 3 हजार आबादी वाले गांव में शराब बंद कर हम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। शराबबंदी का सवाल कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए जो गंगाजल और गीता हाथ में लेकर कसम खाए थे। घोषणा पत्र में शराबबंदी शामिल होने के 4 साल बाद भी घर-घर में पहुंचा कर शराब दे रहे हैं। शराबबंदी की बात तो छोडि़ए, गली-गली, चौक चौराहों पर, पान ठेला, होटल में शराब उपलब्ध आज की स्थिति में हो रहा है। जिससे पूरी युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में ग्रसित है। यह प्रदेश के लिए बहुत बड़ा अभिशाप है।
पदयात्रा के समापन समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने इस अभियान की तारीफ की और कहा कि नशा से युवाओं को बचाने और समाज में एक जन जागरूकता लाने इस अभियान का आयोजन पिछले 25 वर्षों से किया जा रहा है, जो प्रेरणादायक है। पदयात्रा के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पूर्व क्रेडा अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा व युवा मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी पीयूष पुरंदर मिश्रा ने बताया कि विगत 25 वर्षों से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य उनके द्वारा निरंतर किया जा रहा है।