महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 29 अक्टूबर। हर वर्ष कार्तिक मास की पूर्णिमा को सिक्ख समाज के द्वारा गुरु नानक देव की जयंती मनाई जाती है, इस वर्ष 8 नवंबर को गुरु नानक देव की जयंती है, लेकिन यहा 9 नवम्बर को प्रकाश पर्व मनाया जायेगा, प्रकाश पर्व को लेकर सिक्ख समाज के महिला मंड़ल के द्वारा शहर में कल 27 अक्टूबर से प्रभात फेरी निकाली जा रही है, पदमपुर रोड़ गुरुद्वारा से प्रभात फेरी निकलती है और बाजार पारा, मेन रोड़, उडि़य़ा पारा मार्ग से होते हुए गुरुद्वारा पहुंचती है। प्रभात फेरी में भारी संख्या में सिक्ख समाज के लोग शामिल हो रहे हैं।
जानकारी अनुसार सिक्ख धर्म के प्रथम गुरु नानक देव की जयंती हर साल कार्तिक पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। इस बार आगामी 9 नवंबर को गुरुनानक जी की जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाएगी। कहा जाता है कि नानक देव ने कुरीतियों और बुराइयों को दूर कर लोगों के जीवन में नया प्रकाश भरने का कार्य किया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए अपने पारिवारिक जीवन और सुख का ध्यान न करते हुए दूर-दूर तक यात्राएं की और लोगों के मन में बस चुकी कुरीतियों को दूर करने की दिशा में काम किया। इसलिए सिक्ख धर्म के संस्थापक गुरु नानक जी की जयंती के दिन को गुरु पर्व या प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस दिन सिक्ख समाज के लोग वाहे गुरु, वाहे गुरु जपते हुए सुबह-सुबह प्रभात फेरी निकालते हैं। गुरुद्वारों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो जाता है। जो देर रात तक चलता है। इस दौरान लोग कीर्तन करते हैं और रुमाल चढ़ाते हैं। सरायपाली में दोपहर 1 बजे गुरु का लंगर रखा गया है। और शाम को 5 बजे शहर में नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। गुरु पर्व के दिन सिक्ख समाज के लोग अपनी श्रद्धानुसार सेवा करते हैं और गुरु नानक जी के उपदेशों यानी गुरुवाणी का पाठ करते हैं। गुरु नानक देव जी गुरु पर्व या प्रकाश पर्व गुरु नानक जी के जन्म की खुशी में मनाया जाता हैं।