महासमुन्द
अब तक धान बेचने 5000 हज़ार नवीन किसानों ने पंजीयन करा, लगभग 4600 हेक्टेयर धान का रकबा बढ़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अक्टूबर। पूरे छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद जिले के सभी 152 धान उपार्जन केंद्रों में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी आगामी 1 नवंबर से शुरुआत हो जाएगी। कल गुरूवार को 120 उपार्जन केन्द्रों ने धान उपार्जन का ट्रायल रन किया। पिछले खरीफ वर्ष में 77 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया था। इस चालू खरीफ वर्ष में 86 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य है।
जिले के विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले की सारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जाना है। खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की पूरी तैयारी एवं समुचित व्यवस्था पूरी कर ली गयी है। धान खरीदी एवं नियंत्रण वार्जित धान के भुगतान हेतु आवश्यक बारदाने एवं परिवहन आदि सुनिश्चित किए गए हैं। धान खरीदी केन्द्र के लिये अधिकारियों को खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया की समाप्ति तक उपार्जन केन्द्र अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नोडल अधिकारी प्रतिदिन उपार्जन केन्द्र में उपस्थित होकर दायित्वों एवं समय-समय द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे।
जानकारी मिली है कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किये जाने के लिए गत वर्ष पंजीकृत किसानों को कैरी फारवर्ड एवं डाटा अद्यतन कर तथा नवीन किसानों का पंजीयन कर धान की खरीदी की जाएगी। किसान पंजीयन का कार्य कृषि विभाग के एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम दिनांक 31 अक्टूबर 2022 तक किया जाएगा। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में 150220 किसान पंजीकृत थे। अभी तक लगभग 5000 हज़ार नये किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। गत खरीफ सीजन में 220497 रकबा था। अब 4428 हेक्टेयर रकबा बढ़ा है। वहीं जिले में खरीफ सीजन 2020-21 में जिले के एक लाख 40 हजार किसानों ने धान विक्रय हेतु सहकारी समितियों में पंजीयन कराया हैं। जिनका कुल रकबा 02 लाख 11 हजार हेक्टेयर से अधिक था।