महासमुन्द

आधी-अधूरी सुविधा के बीच बर्न केस के उपचार की मुकम्मल तैयारी
26-Oct-2022 2:51 PM
आधी-अधूरी सुविधा के बीच बर्न केस के उपचार की मुकम्मल तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अक्टूबर
। इस वक्त दीपावली का त्यौहर है और इसे देखते हुए 24 घंटे उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पर्व के दौरान अस्पताल में 24 घंटे मरीजों को चिकित्सीय सुविधा का लाभ मिलेगा। सभी विभाग के चिकित्सक और स्टाफ  ड्यूटी पर रहेंगे।

महासमुंद शासकीय मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में बर्न केसेस में मरीजों की विशेष सुविधा के लिए दो साल पहले बर्न यूनिट तैयार किया गया था। हाल ही में इस यूनिट को डायलिसिस सेंटर के तौर पर तब्दील कर दिया गया है। इसके चलते अब बर्न केसेस में मरीजों का उपचार मेडिसिन विभाग के मेल व फीमेल वार्ड में ही किया जाता है। इस तरह इस वार्ड में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और संक्रमण का भी खतरा हुआ है। इस तरह आधी-अधूरी सुविधा के बीच अब दीपावली पर आने वाले बर्न केस के उपचार की मुकम्मल तैयारी के निर्देश दे दिए गये हंै।

मालूम हो कि मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण से पहले ही बर्न यूनिट वार्ड का निर्माण किया गया था। यह यूनिट लगभग 10 बेड का था, जिसमें बर्न केसेस से संबंधित सभी सुविधाएं थीं। इसे तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने डायलिसिस सेंटर में तब्दील कर दिया गया था। यहां से किडनी रोग से ग्रसित मरीज रोजाना 24 घंटे डायलिसिस की सेवा का लाभ ले रहे हैं।

अस्पताल सलाहकार डा. निखिल गोस्वामी ने बताया कि 2020 में बर्न यूनिट वार्ड तैयार किया गया था। राष्ट्रीय योजना के तहत डायलिसिस सेंटर शुरू करने के निर्देश पर विकल्प के तौर पर बर्न यूनिट को डायलिसिस सेंटर में तब्दील करने के लिए राज्य से अनुमति ली गई थी। विशेष बर्न यूनिट वार्ड में आगजनी की घटना के शिकार हुए गंभीर मरीजों को भी इसका लाभ मिलता है।

इस वार्ड के लिए विशेष प्रशिक्षित स्टाफ  के साथ बैक्टीरिया फ्र ी एरिया व अन्य विशेष सुविधाओं से लैस होता है। आगजनी के शिकार मरीजों को संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है, इसलिए बैक्टीरिया फ्री एरिया में ही इलाज किया जाता है। ऐसे में मेडिसिन विभाग के जनरल वार्ड में गंभीर मरीजों का इलाज कर पाना संभव नहीं होता है। हालांकि महासमुंद में बर्न केसेस कम ही आते हैं। वर्तमान में मेडिसिन वार्ड में ही पर्दे लगाकर मेल व फीमेल वार्ड में मरीज का उपचार किया जाता है।


अन्य पोस्ट