महासमुन्द

महासमुंद जिले में प्राथमिक शालाओं में प्रधानपाठक पदस्थापना में धांधली
22-Oct-2022 2:18 PM
महासमुंद जिले में प्राथमिक शालाओं में प्रधानपाठक पदस्थापना में धांधली

शिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष ने  कहा- नियमों की अनदेखी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अक्टूबर। म
हासमुंद जिले में प्राथमिक शालाओं में प्रधानपाठकों की पदस्थापना में व्यापक पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुये छत्तीसगढ़ शिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष अनिल पटेल, प्रांत उपाध्यक्ष जयंत बारीक, ब्लाक अध्यक्ष मनीषा चौधरी ने कहा है कि महासमुंद जिले में आनन फानन में शासन के नियमों की अनदेखी करते हुए प्रधान पाठकों की पदस्थापना की गई है। जिसमें कई गंभीर त्रुटियां हैं। उन्होंने बताया कि प्रधान पाठक नियुक्ति के लिए दावा आपत्ति के अंतरिम वरीयता सूची जारी की गई। किंतु दावा आपत्ति पश्चात अंतिम वरीयता सूची का प्रकाशन ही नहीं की गई और न ही यह सार्वजनिक की गई कि जिले में प्रधान पाठकों के कितने पद रिक्त हंै तथा कितने पदों में पदस्थापना की जाएगी।

छत्तीसगढ़ शिक्षक महासंघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि जिला शिक्षा अधिकारी के अचानक अन्यत्र तबादला हो जाने के कारण आनन फानन में आधे अधूरी सूची जारी कर दी गई, जिसमें गंभीर त्रुटियां पाई गई हंै। एक स्कूल में दो शिक्षकों की पदस्थापना प्रधान पाठक में की गई है। इसी तरह जिन स्कूलों में पूर्व से प्रधान पाठक नियुक्ति हैं, उन स्कूलों में भी प्रधान पाठक पदस्थ किया जाना अधिकारियों के गंभीर अनियमितता को उजागर करती है।

छत्तीसगढ़ शिक्षक महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 10 से भी कम दर्ज संख्या वाले स्कूलों में प्रधान पाठकों की पदस्थापना की गई है। दूसरी ओर 30 से अधिक दर्ज संख्या वाले स्कूलों में प्रधान पाठकों की पदस्थापना ही नहीं की गई है। इन त्रुटिपूर्ण जारी आदेशों में अभी भी सुधार किया जा रहा है साथ ही पर्दे के पीछे अभी भी प्रधान पाठकों की पदस्थापना की जा रही है।

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संचालक लोक शिक्षण संचनालय के आदेश क्रमांक पदोन्नति 2022-262 नया रायपुर दिनांक 07-07-2022 में उल्लेखित बिंदुओं की अवहेलना कर मनमाने ढंग से पदस्थापना किए जाने से कई प्रश्न पैदा हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ शिक्षक महासंघ ने शासन से मांग की है कि प्रधान पाठकों की नियुक्ति में गंभीर त्रुटि पूर्ण आदेश को रद्द कर तत्काल काउंसिलिंग के माध्यम से नए सिरे से पदस्थापना किया जावे।
 


अन्य पोस्ट