महासमुन्द
सरायपाली़, 21 अक्टूबर। रायपुर से झारखंड़ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने छूईपाली राफेल मोड़ के पास पुटका निवासी एक मोटरसाइकिल चालक को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिंघोंड़ा पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
सिघोंड़ा थाना प्रभारी केशवराम कोसले ने बताया कि सुबह लगभग 10 बजे निजी काम से पुटका निवासी दिवाकर बरिहा (45) छूईपाली के लिए निकले थे, राफेल मोड़ के पास पहुंचे थे कि रायपुर से झारखंड की ओर जा रही स्कोड़ा कार क्रमांक जेएच 01 केई 8865 के चालक रौनक साहू तेज व लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए मोटरसाइकिल चालक को जबरदस्त ठोकर मार दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगने से तत्काल उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 304 ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है. चश्मदीद कुछ लोगों ने बताया कि दुपहिया वाहन चालक बरगढ़ से रायपुर मार्ग को क्रास कर रायपुर से उड़ीसा मार्ग की ओर पहुंचा था। कि अचानक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन के चपेट में आ गया,गाड़ी स्पीड होने के कारण दो पहिया वाहन चालक को गंभीर चोट आई और सडक़ खून से रंग गया। घटनास्थल पर ही मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई।