महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अक्टूबर। वनअधिकार पत्र की मांग और धान खरीदी नहीं होने की शिकायत लेकर कलेक्टर से ग्राम पंचायत लोहारडीह, आश्रित गांव घोंघीबाहरा, बंजारी, उलटकोडार, आमाझोला, पेंड्रीडीह, ग्राम पंचायत नवागांव के आश्रित गांव ओडार के 402 किसान परिवार और अन्य परम्परागत रूप से मूलनिवासी कलेक्टर से मिले।
उन्होंने कलेक्टर को जानकारी दी कि सभी किसान कोडार बांध के अगल-बगल बसे और मुख्य रूप से विस्थापित परिवार से हैं, जो इस क्षेत्र में लगभग दो पीढ़ी से निवासरत हैं। सभी जंगल की जमीन पर चालीस साल से खेती किसानी कर जीवन यापन कर रहे हैं। साथ ही अन्य मजदूरी भी करते हंै।
कोडार के आसपास बसे बहुत सारे गांवों के आदिवासियों को वनअधिकार पट्टा मिल गया है, लेकिन गैर आदिवासियों को पट्टा नहीं मिला है। जिसके कारण गैर आदिवासी परिवार धान की उपज मंडी में न बेचकर बिचौलियों को औने-पौने भाव में बेचते हैं। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
किसानों ने बताया कि गांव के आसपास बसे कुछ गैर आदिवासी लोगों को भी खेत का पट्टा बन विभाग से मिला है लेकिन 402 किसानों को अब तक पट्टा नहीं मिला है। पट्टे के अभाव में अपनी उपज खरीदी केन्द्रों में नहीं बेच सकते और न ही उन्हें बोनस ही मिल रहा है। इनती मांग है कि महासमुंद ब्लॉक के ग्राम पंचायत नवागांव के आश्रित गांव ओडार में प्राथमिक शाला स्थापित किया जाय। नवागांव के 35 खैरवार परिवारों का रोजगार गारंटी का बकाया पैसा तुरंत दिलाई जाय। ग्राम पंचायत लोहारडीह के ग्राम सभा द्वारा वनअधिकार पत्र वितरण किया जाए।