महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने सद्भावना पदयात्रा के जरिए द्वितीय चरण 14 से 16 अक्टूबर तक महासमुंद जिले का भ्रमण किया। महासमुंद जिले में इस यात्रा का प्रारंभ कनेकेरा से हुआ जहां कनकेश्वर महादेव मंदिर में प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों ने पूजा किया।
इस यात्रा के दौरान महासमुंद जिले के समस्त तहसीलों में पदयात्रा एवं सभा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम महासमुंद के सितली नाले से गाजे बाजे के साथ पदयात्रा जयघोष के साथ सद्भावना का संदेश देते हुए लोहिया चौक पहुंची। यहां सभा के शुरुआत में उपस्थित जन समुदाय ने भक्त माता कर्मा की महाआरती की।
उक्त सभा में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष टहल राम साहू, महासमुंद लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू, कसडोल विधायक शकुंतला साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष संदीप साहू, पदयात्रा संयोजक दीपक ताराचंद साहू, जिला साहू संघ महासमुंद के अध्यक्ष धरमदास साहू, उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सनत बंटी साहू, प्रदेश महामंत्री दयाराम साहू, हलधर साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप साहू एवं अन्य प्रमुख जन उपस्थित रहे। सभा में सर्व समाज के प्रमुखों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य सर्व समाज के साथ सामाजिक सद्भाव एवं समरसता स्थापित करना, सामाजिक न्याय प्रणाली को सरल एवं एकरूपता स्थापित करना, समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति जन जागरण, धर्मांतरण के विरुद्ध सामाजिक चेतना जागृत करना, नशा मुक्ति, संस्कृति संरक्षण, नारी जागरण एवं सम्मान, छत्तीसगढ़ के महान विभूतियों का स्मरण और स्वरोजगार था।
दूसरे दिन 15 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष ने महासमुंद तहसील के समस्त परिक्षेत्र अध्यक्षों की बैठक ली। तत्पश्चात यात्रा तुमगांव, पटेवा, झलप, पिथौरा होते हुए बसना पहुंची। बसना पदयात्रा एवं जनसभा में हजारों की संख्या में सामाजिक जन उपस्थित हुए। सभा में अतिथियों ने धर्मांतरण के विरुद्ध शंखनाद किया।
नशा मुक्ति और कुरीति उन्मूलन का संदेश दिया। यहां से सद्भावना यात्रा सरायपाली के दुलारपाली पहुंची जहां पदयात्रा और जनसभा के माध्यम से सामाजिक सद्भावना का संदेश तहसील सरायपाली के जन-जन तक पहुंचाया गया।
इसके बाद 16 अक्टूबर को तहसील मुख्यालय पिथौरा में पदयात्रा निकली जो विभिन्न चौक चौराहों से गुजरते हुए सामाजिक भवन पहुंची। यहां पर प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों एवं वक्ताओं द्वारा पदयात्रा के विभिन्न विषयों पर विस्तार से अपने विचार अभिव्यक्त किए।
फिर यह सद्भावना यात्रा तेंदूकोना होते हुए बागबाहरा पहुंची। जहां इसके स्वागत में बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान सद्भावना रथ का पूरे शहर में भ्रमण कराया गया। लालपुर साहू छात्रावास में आयोजित सभा में सर्व समाज प्रमुखों, पत्रकार बंधुओं और समाज सेवकों का सम्मान स्मृति चिन्ह और श्रीफल से किया गया।
यहां सभा की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष धरमदास साहू ने भीखापाली सम्मेलन एवं मुनगासेर आदर्श विवाह की चर्चा करते हुए महासमुंद जिले के गौरवशाली सामाजिक इतिहास को सामने रखा। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष टहल साहू ने सामाजिक कुरीतियों को मिटाने आह्वान किया। इस प्रकार सद्भावना यात्रा के द्वितीय चरण का समापन बागबाहरा में हुआ। जिला महामंत्री नोहर दास साहू ने सद्भावना यात्रा में पधारे समस्त अतिथियों एवं सद्भावना यात्रा का स्वागत सत्कार करने वाले सर्व हिंदू समाज व विभिन्न समाजों का आभार व्यक्त किया।