महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अक्टूबर। जिले के गांधी ग्राम तमोरा में करोड़पति रामकुमार दीवान की हत्या की गुत्थी एक महीने बाद भी नहीं सुलझी है। परिजन, ग्रामीण और आदिवासी समाज इससे उद्वेलित हैं। जिन परिस्थितियों में रामकुमार की हत्या हुई है, वह चौंकाने वाली है।
जानकारी मिली है कि रामकुमार अपने माता पिता का इकलौता बेटा है। उसके पास 30-40 एकड़ जमीन जायदाद है जिसका एकमात्र वारिस है। मृतक रामकुमार दीवान, तमोरा आयुर्वेद चिकित्सा विभाग में शासकीय सेवक था। लाखों रुपए बैंक बैलेंस भी है। उनकी पत्नी की उम्र महज 24 साल है, जबकि मृतक पति 55 साल का था। दोनों की 8 महीने की नवजात बच्ची भी है।
वारदात के बाद मृतक के नौकर को खल्लारी थाने और उसकी पत्नी को महासमुंद थाने में सप्ताह भर से अधिक समय तक रखकर गहन पूछताछ की गई।
थाना खल्लारी में मृतक रामकुमार दीवान पिता स्व. लिखन सिंग दीवान की मर्ग जांच हुई । मर्ग जांच के दौरान गवाह/पंचान घनश्याम दीवान पिता संतराम दीवान उम्र 27 वर्ष, मानसिंग दीवान पिता आत्माराम दीवान उम्र 36 वर्ष, अवधराम साहू पिता बलीराम साहू उम्र 40 वर्ष साकिनान तमोरा, कुलेश्वर दीवान पिता निजाम सिंह दीवान उम्र 26 वर्ष साकिन डुमरपाली, चंद्रप्रकाश दीवान पिता जवाहर दीवान उम्र 24 वर्ष साकिन चौकबेडा थाना खल्लारी का कथन लिया गया।
सभी ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराया है कि 25 सितंबर को मध्य रात्रि मृतक रामकुमार दीवान की पत्नी ने मोबाईल से सूचना दी कि रामकुमार की तबियत खराब है। जाकर देखा तो मृतक रामकुमार दीवान अपने घर की परछी में बिस्तर पर लहु लुहान हालत में पड़ा था ।
उसके बांये गाल, बांये सीना, बांये हाथ की कलाई, बांये की हाथ भुजा, तथा बांये हाथ की हथेली के ऊपर किसी धारदार हथियार से मारने जैसा लम्बा गहरा चोट था और वह मर चुका था। पीएम रिपोर्ट में डाक्टर ने मृतक के बांये सीने के फेफडे, आंतरिक भागो में गंभीर चोट से मौत होना एवं मौत का प्रकार हत्या होना बताया है। सम्पूर्ण मर्ग जांच में गवाह, पंचान राय एवं प्राप्त पीएम रिपोर्ट पर अपराध धारा 302 भादवि का घटित होना पाये जाने से अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।