महासमुन्द
प्रति क्विंटल 1000 रु. किसानों को होगा नुकसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 16 अक्टूबर। शासन के निर्देश के बावजूद भी सह खातेदार एकीकृत किसानों का पंजीयन नहीं होने से सैकड़ों किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो जाएंगे, इन दिनों हिस्सेदारी पंजीयन के लिए किसान तहसील ऑफिस का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूस लौटना पड़ रहा है और किसानों को पोर्टल ना खुलने की बात कहते हुए वापस लौटाए जा रहा है,धान पंजीयन के लिए मात्र 15 दिन ही शेष है, ऐसे में किसान धान खरीदी में पाबंदी लगाना उचित समझ रहे हैं,लेकिन पाबंदी लगाने की भी अनुमति नहीं मिल रही है,अब किसानों को खेत में खड़े धान को बेचने की चिंता सताने लगी है
भूपेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर सभी किसानों का एक-एक दाना खरीदने की मनसा को स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी धूमिल करने में जुटे हुए हैं, हर वर्ष एकीकृत किसानों का पंजीयन होता था, लेकिन इस वर्ष एकीकृत किसानों का पंजीयन नहीं हो रहा है,जिससे जिनके परिवार में भाइयों के बीच द्वेष भावना है, नंबरदार किसान अपने भाइयों हिस्सेदार किसानों को पट्टे में धान विक्रय करने नहीं देते हैं, वे एकीकृत हिस्सेदार किसान इस वर्ष धान बेचने से वंचित हो जाएंगे।
हिस्सेदारी पंजीयन ना होने से तहसील ऑफिस का चक्कर लगा रहे किसान गिरधारी नायक सिरपुर, व गजपति साहू कोदोगुड़ा ने बताया कि उनका भाईओ में आपसी बंटवारा हो चुका है,लेकिन खाता विभाजन नहीं हुआ है,उनके भाइयों में बातचीत बंद है और धान बेचने से उन्हें धान की राशि, बोनस राशि, फसल बीमा की राशि आदि नहीं दिया जाता, उनके द्वारा खाता विभाजन के लिए तहसील ऑफिस में आवेदन भी किया गया है, लेकिन उसमें भी तारीख पे तारीख मिल रहा है।हिस्सेदारी पंजीयन के लिए जब आवेदन किये तो उन्हें पोर्टल ना खुलने व हिस्सेदारी पंजीयन ना होने की बात कहते हुए वापस लौटा दिया गया, धान पंजीयन के लिए कम दिन शेष होने व धान बेचने से वंचित होने का अंदेशा होते ही उनके द्वारा धान बिक्री पर रोक लगाने भी आवेदन दिया गया लेकिन धान बिक्री पर रोक की अनुमति भी उन्हें नहीं दी जा रही है और बेवजह घुमाया जा रहा है। ब्लॉक में इस तरह कई मामले हैं, जिनका अभी तक खाता विभाजन नहीं हुआ है, और भाइयों में आपसी दुश्मनी है, लेकिन इस दुश्मनी का खामियाजा छोटे भाइयों को ही भुगतना पड़ रहा है,और वे धान बेचने से वंचित हो रहे हैं। हर वर्ष एकीकृत किसानों का पंजीयन होता था जिससे खाते में शामिल सभी सहखातेदार भी रकबा अनुसार पंजीयन करवा कर अपने हिस्से का धान बेच रहे थे और शासन की योजना का लाभ ले रहे थे। हिस्सेदारी पंजीयन ना होने से किसान अब बाजार मूल्य में 1300से ?1500 प्रति कुंतल की दर से धान बेचने के लिए मजबूर होंगे,जिससे उन्हें प्रति कुंटल लगभग 1000 रु से अधिक का नुकसान उठाना पड़ेगा।
इस संबंध में तहसीलदार ममता ठाकुर से संपर्क किया गया संपर्क नहीं हो सका।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष किसान नेता कामता पटेल ने कहा कि सरकार का प्रशासनिक अधिकारियों पर अंकुश नहीं है,जिसके चलते शासन की योजना का हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने रुचि नहीं दिखाई जा रही है,जिसके चलते हिस्सेदार किसान शासन की योजना से वंचित होते नजर आ रहे हैं, अन्य जिलों में जब एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन हो रहा है,तो सरायपाली में पंजीयन से किसानों को क्यों वंचित किया जा रहा है,जांच का विषय है ?आखिर सरायपाली के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों? धान विक्रय,पंजीयन संबंधित सभी समस्याओं का समय रहते निराकरण की मांग शासन से की है, अन्यथा किसान हक की लड़ाई के लिए उग्र आंदोलन करने मजबूर होंने कि बात कही