महासमुन्द
महासमुंद,16 अक्टूबर। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 छिंदौली झलप के पास शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से सडक़ किनारे घायल पड़े युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। बीती शुक्रवार रात को डायल 112 की टीम सूचना पर पहुंची थी और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया था। जहां से घायल युवक को रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस अज्ञात युवक की पहचान के लिए सोशल मीडिया व अन्य माध्यम से जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक बाइक से पिथौरा की ओर जा रहा था। उसी समय अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में लिया। डायल 112 की टीम से मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिली कि छिंदौली एनएच-53 के पास एक युवक सडक़ किनारे घायल अवस्था में पड़ा है।
उसका खून बह रहा है। वहीं उसकी बाइक सीजी 04 एमएल 9939 पड़ी हुई है। इसे देखने से लग रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया। इसके बाद उसकी पहचान करने की कोशिश की, लेकिन नहीं हो पाई।