महासमुन्द

युवा अगर शक्ति का प्रयोग नहीं करेंगे तो वह शक्ति क्षीण हो जाएगी-विनोद
15-Oct-2022 3:57 PM
युवा अगर शक्ति का प्रयोग नहीं करेंगे तो वह शक्ति क्षीण हो जाएगी-विनोद

जिला मुख्यालय में युवा उत्सव की शुरुआत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 अक्टूबर।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिला मुख्यालय स्थित महासमुंद वन विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव की शुक्रवार को शुरुआत हुई। इसका उद्घाटन संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला स्तरीय युवा उत्सव में चित्रकला, कविता, फोटोग्राफ ी, भाषण, सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवा संवाद सहित कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। जिसमें युवा उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता 15 से 29 वर्ष के युवाओं के बीच हुई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य अनिता रावटे, नेहरू युवा केन्द्र के समन्वयक अदनान पाल सहित अन्य मौजूद रहे। इस दौरान संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विविध अध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में लोगों को जागरूक करना और जिले के युवा कलाकारों, लेखकों, कवियों, चित्रकारों, फोटोग्राफरों और वक्ताओं की प्रतिभा को निखारना है।

उन्होंने कहा कि यह युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव की भावना और साहस की अवधारणा को प्रचारित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं की सभा आयोजित करके और उन्हें विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करके प्राप्त किया जाता है। युवा अगर शक्ति का प्रयोग नहीं करेंगे तो वह शक्ति क्षीण हो जाएगी। हमें अपनी शक्ति का प्रयोग हमेशा अच्छे कार्यों के लिए करना चाहिए।

इस जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में चित्रकला, मोबाइल फोटोग्राफी, कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर तथा प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट